आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय बढ़कर हुआ 12 हजार, सहायिकाओं को मिलेंगे छह हजार रुपये

मुख्यमंत्री योगी ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को दी ‘माता यशोदा’ की संज्ञा, उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकत्रियां सम्मानित
वेलकम इंडिया पीलीभीत
पीलीभीत। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अयोध्या में आयोजित आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिका सम्मान समारोह में प्रदेश की लाखों आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा की। कार्यक्रम का जनपद स्तर पर गांधी प्रेक्षागृह में लाइव प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद कार्यक्रम में मौजूद आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं में खुशी की लहर दौड़ गई।मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय 8 हजार रुपये से बढ़ाकर 12 हजार रुपये तथा सहायिकाओं का मानदेय 4 हजार रुपये से बढ़ाकर 6 हजार रुपये करने की घोषणा की। इसके साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के खातों में दो साड़ियों की धनराशि भी भेजी गई।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं में व्यापक सुधार हुआ है। आज आंगनबाड़ी केंद्र स्मार्ट हो चुके हैं और विभाग के पास रियल टाइम डाटा उपलब्ध है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को ‘कलयुग की यशोदा’ बताते हुए कहा कि बच्चे का पहला संवाद आंगनबाड़ी कार्यकत्री से होता है। बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकत्रियों को सम्मानित किया जाना आवश्यक है।लाइव प्रसारण के बाद जनपद स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में बरखेड़ा, ललौरीखेड़ा, मरौरी और शहर परियोजना के अंतर्गत मातृ वंदना योजना में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 10 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। वहीं कुपोषण की श्रेणी से बाहर आए बच्चों के परिजनों को पोषण किट तथा महिला कल्याण योजनाओं के लाभार्थियों को भी सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में विधायक बरखेड़ा स्वामी प्रवक्तानंद, जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य, मरौरी ब्लॉक प्रमुख सभ्यता देवी वर्मा, जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह सहित नगर मजिस्ट्रेट, जिला विकास अधिकारी, उपायुक्त आजीविका मिशन, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी मौजूद रहे।



