राजेंद्र नगर में बेसमेंट में बनी 16 दुकानों समेत कई अवैध हिस्से ध्वस्त

गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने गुरुवार को अवैध निर्माण और अनधिकृत गतिविधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए राजेंद्र नगर क्षेत्र में व्यापक ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के निर्देशों के अनुपालन में प्रवर्तन जोन-07 की टीम ने गुरुवार को अवैध निर्माणों पर कार्रवाई करते हुए कई स्थानों पर बने अवैध ढांचों को ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई लगातार मिल रही शिकायतों और क्षेत्र में बढ़ रहे अनधिकृत निर्माणों को रोकने के उद्देश्य से की गई।
अभियान के दौरान राजेंद्र नगर, साहिबाबाद स्थित भूखंड संख्या 4/13, सेक्टर-5 में बेसमेंट और स्टिल्ट क्षेत्र में अवैध रूप से निर्मित 16 दुकानों को ध्वस्त किया गया। इसके अतिरिक्त भूखंड संख्या 2/14 और 2/16, सेक्टर-2 पर मम्टी के बराबर बनाए गए अतिरिक्त कमरों को भी अवैध मानते हुए तोड़ दिया गया। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता, अवर अभियंता, प्रवर्तन जोन-07 की पूरी टीम, प्राधिकरण पुलिस बल तथा प्रवर्तन दस्ता मौके पर मौजूद रहा, जिससे कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जा सके। प्राधिकरण अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में अवैध निर्माण और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आगामी माह में भी ध्वस्तीकरण एवं सीलिंग की कार्रवाई चरणबद्ध तरीके से की जाएगी। जीडीए प्रशासन का कहना है कि बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।




