ग़ाज़ियाबाद

मुरादनगर में शिक्षक संघ का चतुर्थ विशाल भंडारा संपन्न-विधायक अजीतपाल त्यागी ने पूजा-अर्चना कर किया शुभारंभ, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ मुरादनगर द्वारा असालतनगर स्थित हनुमान मंदिर में चतुर्थ विशाल भंडारे का आयोजन श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक सहभागिता के साथ किया गया। होली के पावन अवसर पर आयोजित इस भव्य भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मुरादनगर के विधायक अजीतपाल त्यागी का शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने माला एवं पटका पहनाकर भव्य स्वागत किया। विधायक अजीतपाल त्यागी तथा संघ के पदाधिकारियों ने हनुमान जी की विधिवत पूजा-अर्चना कर भोग लगाया और भंडारे का शुभारंभ किया। संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ. अनुज त्यागी ने बताया कि प्राथमिक शिक्षक संघ द्वारा प्रतिवर्ष होली के अवसर पर सभी शिक्षकों के सहयोग से असालतनगर हनुमान मंदिर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी कई दिनों से शिक्षक इस आयोजन को लेकर उत्साहित थे और सभी ने बढ़-चढ़कर सहयोग एवं सहभागिता निभाई। विधायक अजीतपाल त्यागी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक संघ द्वारा इस प्रकार के पावन कार्यों का आयोजन वास्तव में सराहनीय है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों द्वारा हजारों लोगों को प्रसाद वितरण करना समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी मोदीनगर अजीत कुमार सिंह ने भी भंडारे में पहुंचकर हनुमान जी की पूजा-अर्चना की तथा शिक्षकों के साथ प्रसाद वितरण किया। उन्होंने इस पुनीत कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओ. पी. यादव ने कहा कि शैक्षिक उत्तरदायित्वों के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी शिक्षकों की अनुकरणीय पहल है, जो समाज में सकारात्मक संदेश देती है। भंडारे के दौरान उपस्थित सभी अतिथियों को संघ के पदाधिकारियों द्वारा माला एवं पटका पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा अधिकारी ओ. पी. यादव, जिलाध्यक्ष रविन्द्र राणा, ब्लॉक अध्यक्ष अमित यादव, खंड शिक्षा अधिकारी जमुना प्रसाद, ब्लॉक अध्यक्ष राजपुर मनोज त्यागी, जिला समन्वयक पवन कुमार भाटी, टिंकू कंसल, राकेश कुमार, जिला पंचायत सदस्य अमित त्यागी, विकास यादव, गन्ना समिति अध्यक्ष राजन चौधरी, गौरव चोपड़ा, अजय कुमार, प्रमोद सिरोही, कनक सिंह, अमित पिपानिया, नवीन कुमार, निशी शर्मा, अर्चना, शिक्षामित्र संघ के जिला अध्यक्ष रिजवान राणा, दुष्यंत कुमार, रामकिशोर गौतम सहित सैकड़ों शिक्षक उपस्थित रहे। आयोजन के अंत में सभी ने एक-दूसरे को रंग और अबीर लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। आस्था, सेवा और सामाजिक एकता का यह संगम मुरादनगर में लंबे समय तक चर्चा का विषय बना रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button