बरसाना पहुंचे मुख्यमंत्री योगी, किया रंगोत्सव 2005 का शुभारंभ

वेलकम इंडिया
मथुरा/बरसाना। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने एक दिवसीय दौरे पर बरसाना में ह्यरंगोत्सव 2025ह्ण का शुभारंभ करते हुए कहा कि काशी और अयोध्या के कायाकल्प के बाद अब मथुरा और ब्रज भूमि के विकास का समय आ गया है। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने श्री लाडली जी महाराज मंदिर में दर्शन- पूजन किया और फूलों व लड्डूमार होली के जरिए रंगोत्सव की शुरूआत की। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि 5 हजार साल से भारत की सनातन संस्कृति को ऊर्जा देने वाली यह ब्रज भूमि श्रद्धा और आस्था की धरा है। इसके कण-कण में श्री राधा और श्री कृष्ण के दर्शन होते हैं। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन द्वारा आयोजित रंगोत्सव शुभारम्भ के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश का सौभाग्य है कि यहां काशी, अयोध्या और मथुरा, ये तीनों तीर्थ स्थल सनातन एकता के प्रतीक के रूप में मौजूद हैं। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विरासत और विकास की नई परंपरा स्थापित हुई है, जिसका परिणाम हाल ही में संपन्न प्रयागराज महाकुम्भ के भव्य आयोजन के रूप में देखने को मिला। उन्होंने कहा कि जो जितना सनातन धर्म के खिलाफ बोलता था अफवाह फैलाता था और तर्कहीन बातें करता था उन्हें सनातन धर्मावलम्बियों ने महाकुम्भ के जरिए करारा जवाब दिया है। महाकुम्भ सनातन धर्म का क्षण बन गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार के बजट में ब्रज भूमि के विकास के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि करोड़ों की योजनाओं के साथ बरसाना को विकास से जोड़ा जा रहा है। पहली बार बरसाना में रोपवे की सुविधा शुरू हुई है। उन्होंने कहा कि महाकुम्भ सकुशल सम्पन्न होने के बाद अब फुरसत मिली है। काशी, अयोध्या, प्रयागराज, मां विंध्यवासिनी धाम के विकास के उपरांत अब बारी इसी पुण्य भूमि की है। सीएम ने आश्वस्त किया कि मथुरा, बरसाना, ब्रजभूमि के विकास के लिए कोई सीमा नहीं है। उन्होंने दिल्ली में रामभक्तों की सरकार आने का जिक्र करते हुए यमुना के संरक्षण का वादा दोहराया। सीएम ने कहा कि अब यमुना मइया भी गंगा मां की तरह निर्मल और अविरल होंगी। इससे पूर्व मंच पर पहुँचने पर उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र ने मुख्यमंत्री को श्री राधाकृष्ण की प्रतिमा भेट की। प्रभारी मंत्री संदीप सिंह और गन्ना विकास मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने सम्बोधन करते हुए मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर संतजन विनोद बाबा, रामसुख दास, माधवदास मौनी बाबा, फलहारी बाबा, राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, विधायकगण मेघश्याम सिंह, पूरन प्रकाश, राजेश चौधरी, योगेश चौधरी, ओम प्रकाश सिंह, महापौर विनोद अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह, भाजपा नेता निर्भय पांडेय, घनश्याम सिंह लोधी, नगर पंचायत अध्यक्ष बरसाना श्रीमती विजय सिंह आदि मौजूद रहे।