क्राइम

सुल्तानपुर: घर में घुसकर बदमाशों ने महिला को गोली मारी, पुलिस कर रही छानबीन

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में अपराधियों ने एक बार फिर से पुलिस को खुली चुनौती दी है। ताजा मामला नगर कोतवाली के करौंदिया मोहल्ले का है, जहां बदमाशों ने 28 दिसंबर को एक महिला को घर में घुसकर गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए उसे लखनऊ रेफर कर दिया। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है, वहीं पुलिस ने जांच तेज कर दी है।

किराए के मकान में रहती थी महिला

यह घटना करौंदिया मोहल्ले के महिला थाने के पास की है। यहां बल्दीराय थाना क्षेत्र के बल्लीपुर गांव की रहने वाली रजिया बेगम अपने बेटे फहीम मिर्जा के साथ किराए के मकान में रहती थी। देर शाम तीन अज्ञात हमलावर उसके घर पहुंचे और उसे गोली मार दी। सूचना मिलते ही उसका बेटा फौरन घर पहुंचा और उसे अस्पताल ले गया। फिलहाल महिला की हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टर उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

पुलिस की जांच जारी

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सोमेन बर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि रजिया बेगम पारिवारिक विवाद के चलते बेटे के साथ अलग रह रही थी। पुलिस ने इस मामले में परिवारजनों और अन्य संदिग्धों से पूछताछ शुरू कर दी है।

जल्द पकड़े जाएंगे आरोपी

एसपी सोमेन बर्मा ने बताया कि महिला को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर किया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उसकी देखभाल कर रही है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस हर एंगल से इस घटना की पड़ताल कर रही है।

इस घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस वारदात का खुलासा कर दोषियों को सलाखों के पीछे डाला जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button