जन शिकायतों पर सख्त रुख, त्तर प्रदेश विधान परिषद् की याचिका समिति की समीक्षा बैठक -नगर निगम से लेकर ग्राम्य विकास तक 14 प्रकरणों पर विभागों से मांगी प्रगति रिपोर्ट

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश विधान परिषद् की याचिका समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित दुर्गावती देवी सभागार, विकास भवन में बुधवार को सभापति अशोक अग्रवाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जनहित से जुड़ी शिकायतों, आवेदनों, याचिकाओं एवं विभिन्न विभागों से संबंधित मामलों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी प्रकरणों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। बैठक के दौरान समिति के समक्ष प्रस्तुत कुल 14 प्रकरणों पर संबंधित विभागों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई। इनमें छह प्रकरण नगर निगम गाजियाबाद, एक लोनी नगर पालिका, एक लोक निर्माण विभाग, एक पंचायती राज, दो जिला पंचायत तथा एक ग्राम्य विकास विभाग से संबंधित रहे। सभापति ने सभी विभागों से लंबित मामलों की स्थिति, प्रगति और समाधान की कार्ययोजना के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
कार्यक्रम में समिति के सदस्य ऋषि पाल सिंह, अरुण पाठक एवं श्रीचन्द शर्मा सहित समिति से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं जिला प्रशासन की ओर से जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ, अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर सिंह, कार्यवाहक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित विक्रम, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजाराम सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं प्रतिनिधि बैठक में मौजूद रहे। नगर विकास, ऊर्जा, स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व, परिवहन, ग्राम्य विकास, समाज कल्याण, खाद्य एवं रसद, औद्योगिक विकास, सिंचाई, पर्यटन और श्रम विभाग सहित कई विभागों ने अपने-अपने प्रकरणों पर रिपोर्ट प्रस्तुत की। नगर निगम से जुड़े मामलों की समीक्षा के दौरान नगर आयुक्त ने समिति को अवगत कराया कि नन्दग्राम स्थित पूर्वांचल कॉलोनी की छह गलियों में से तीन गलियों का निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है, जबकि शेष तीन के लिए आगणन तैयार कर स्वीकृति हेतु भेजा गया है। विजयनगर के अम्बेडकर नगर वार्ड-18 में तीन गलियों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है और एक गली के लिए निविदा स्वीकृत कर दी गई है। कैला भट्टा स्थित पीएसी चौक के पास नाले के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द कार्य शुरू होगा। घूकना वार्ड-13 में बारातघर निर्माण के संबंध में भूमि उपलब्ध न होने के कारण निर्माण संभव न होने की जानकारी दी गई। मकनपुर वार्ड-57 में सीसी रोड का कार्य पूरा होने तथा डूण्डाहेडा वार्ड-23 स्थित अम्बेडकर भवन में दो बड़े हॉल निर्माण प्रस्ताव स्वीकृति के लिए भेजे जाने की जानकारी भी दी गई। सिकरोड़ और सदरपुर क्षेत्र में भी विकास कार्यों की प्रगति से समिति को अवगत कराया गया। लोनी नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी ने संगम विहार क्षेत्र में निर्माण कार्य पूर्ण होने की जानकारी दी। वहीं लोक निर्माण विभाग ने सिकरोड़ से राजनगर मोरटा मार्ग के चौड़ीकरण संबंधी याचिका पर बताया कि मार्ग ग्रामीण श्रेणी का होने के कारण तत्काल चौड़ीकरण संभव नहीं है, हालांकि इसे विशेष कार्ययोजना में शामिल किया गया है। पंचायती राज विभाग ने ग्राम अतरौली में सीसी रोड निर्माण पूर्ण होने की जानकारी दी, जबकि जिला पंचायत से जुड़े दो मामलों में कार्य प्रगति पर बताया गया। ग्राम अफजलपुर में डॉ. भीमराव अम्बेडकर पार्क के सौंदर्यीकरण में अवैध कब्जे की समस्या सामने आई, जिस पर एसडीएम लोनी को कब्जा हटाने के लिए टीम गठन का अनुरोध किया गया है। बैठक के दौरान सभापति अशोक अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जनप्रतिनिधियों और जिला स्तरीय अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया। सभापति ने स्पष्ट कहा कि प्राप्त शिकायतों, आवेदनों और याचिकाओं का लंबित रहना स्वीकार्य नहीं है। प्रत्येक प्रकरण का समयान्तराल में निस्तारण कर संबंधित आवेदक को जानकारी देना अनिवार्य किया जाए। विभागवार दिए गए निर्देशों के अनुपालन की आख्या समिति को उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए। बैठक के समापन पर सभापति ने कहा कि जनपद गाजियाबाद में समीक्षा बैठक सकारात्मक और अच्छे वातावरण में संपन्न हुई, जो प्रशासनिक सक्रियता का संकेत है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने आश्वासन दिया कि समिति द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का अक्षरश: पालन सुनिश्चित किया जाएगा तथा प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर प्रस्तुत की जाएगी। उन्होंने बैठक के सफल आयोजन के लिए समिति एवं सभी अधिकारियों का आभार भी व्यक्त किया।


