जनता दर्शन में जिलाधिकारी सख्त, शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण अनिवार्य

गाजियाबाद। जन समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में बुधवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान आम नागरिकों की शिकायतें सुनीं। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे और विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। जनता दर्शन के दौरान राजस्व विभाग, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण, नगर निगम, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, निर्माण विभाग सहित अन्य विभागों से जुड़े प्रार्थना पत्र और शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप सभी मामलों का त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जनता दर्शन और जनसुनवाई कार्यक्रम की सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय उत्तर प्रदेश से लाइव कनेक्टिविटी के माध्यम से मॉनिटरिंग की जा रही है। आमजन को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि सभी कार्यदिवसों में सुबह 10 बजे से 12 बजे तक जन शिकायतें अनिवार्य रूप से सुनी जाएं और इस दौरान वे जूम प्लेटफॉर्म पर भी लाइव उपलब्ध रहें। जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी ने कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया। साथ ही जूम के माध्यम से संबंधित विभागीय अधिकारियों से सीधे संपर्क स्थापित कर उन्हें शिकायतों की जानकारी देते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान कुछ जरूरतमंद नागरिकों के राशन कार्ड से संबंधित आवेदन भी मौके पर भरवाए गए, जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। जनता दर्शन कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी सिटी विकास कश्यप भी उपस्थित रहे और अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए शिकायतों के प्रभावी निस्तारण की प्रक्रिया सुनिश्चित कराई। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा और शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।



