युवक ने बाग में पेड़ से लटककर की जीवनलीला समाप्त

लुकमान खान
पीलीभीत/पूरनपुर/ कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मोहल्ला माहिगिरान के एक 22 वर्षीय युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहल्ला माहिगिरान (वार्ड नंबर एक), शेरपुर कलां निवासी दानिश (22 वर्ष) पुत्र नसीम खां उर्फ सनी, कोतवाली रोड स्थित ‘चीमा कार हाउस’ में गाड़ियों पर लेमिनेशन का कार्य करता था। बुधवार सुबह वह घर से काम के लिए निकला था, लेकिन दोपहर करीब 11 बजे उसका शव ‘कलम वाली बाग’ (मलिक स्वर्गीय नवाब शमसुल हसन खां) में एक पेड़ से लटका हुआ पाया गया।राहगीरों द्वारा बाग में शव लटका देखे जाने के बाद शोर मच गया, जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। युवक ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से तफ्तीश कर रही है।




