डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा खंडित, भड़का आक्रोश

गाजियाबाद। साहिबाबाद के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र स्थित इंद्रापुरी कॉलोनी में रविवार सुबह उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा खंडित अवस्था में मिली। कॉलोनी के गुरुद्वारा रोड के कोने पर स्थापित प्रतिमा को अज्ञात असामाजिक तत्वों ने देर रात क्षतिग्रस्त कर दिया। प्रतिमा का सिर अलग मिलने से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।
सुबह क्षेत्रीय लोगों की नजर प्रतिमा पर पड़ी तो घटना की सूचना तेजी से पूरे इलाके में फैल गई। लोगों ने इसे समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली घटना बताते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। घटना की जानकारी मिलते ही बहुजन समाज पार्टी, भीम आर्मी सहित कई सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। बड़ी संख्या में लोगों ने एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी करते हुए सड़क जाम कर दी, जिससे क्षेत्र में यातायात प्रभावित हो गया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि बाबा साहेब की प्रतिमा को खंडित करना समाज में तनाव फैलाने की साजिश है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही लोनी बॉर्डर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस ने आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।



