ग़ाज़ियाबाद

मोहन नगर जोन में सीवर परियोजना को रफ्तार देने को लेकर महापौर ने ली प्रगति समीक्षा बैठक-जहां सीवर लाइन पूरी, वहां तुरंत बनाई जाए सड़क

गाजियाबाद। मोहन नगर जोन में जल निगम द्वारा संचालित सीवर लाइन परियोजना की प्रगति को लेकर महापौर सुनीता दयाल ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में जीएम जल पी. आनंद, सहायक अभियंता शेषमणि यादव, अवर अभियंता सोमेंद्र तोमर सहित जल निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। महापौर ने स्पष्ट किया कि यह परियोजना क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान से जुड़ी बड़ी योजना है, इसलिए कार्य गुणवत्ता और समयबद्धता दोनों सुनिश्चित की जाएं। मोहन नगर क्षेत्र में करहैड़ा, अर्थला, भोपुरा और पसौंडा सहित लगभग दस वार्डों में सीवर लाइन बिछाने का कार्य पूरा हो चुका है। इन क्षेत्रों में अब तक करीब 7 हजार मुफ्त सीवर कनेक्शन दिए जा चुके हैं, जबकि पूरे जोन में कुल 60 हजार फ्री सीवर कनेक्शन देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभी 53 हजार कनेक्शन और किए जाने बाकी हैं, जिन पर तेजी से कार्य कराया जा रहा है। परियोजना के अंतर्गत 400 मिमी से लेकर 1600 मिमी क्षमता की सीवर लाइन डाली जा रही है। इसके लिए डी डब्ल्यू सी, आरसीसी और एमएस पाइप का उपयोग किया जा रहा है, जिससे लंबे समय तक सीवर समस्या से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य की गुणवत्ता का नियमित निरीक्षण किया जाए और सभी मैनहोल मजबूत एवं सुरक्षित बनाए जाएं। महापौर सुनीता दयाल ने यह भी कहा कि जिन वार्डों में सीवर लाइन बिछाने और कनेक्शन का कार्य पूरा हो चुका है, वहां तत्काल सड़क निर्माण शुरू कराया जाए ताकि स्थानीय लोगों को जल्द राहत मिल सके। उन्होंने निर्माण कार्य के बाद नियमित छिड़काव कराने के निर्देश भी दिए, जिससे मिट्टी दबती रहे और धूल व प्रदूषण पर नियंत्रण बना रहे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा मोहन नगर जोन की जनता के लिए शुरू की गई यह महत्वपूर्ण योजना क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करेगी और हजारों परिवारों को सीधा लाभ पहुंचाएगी। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि निर्धारित समय सीमा में शेष कार्य पूर्ण कर सभी पात्र परिवारों तक मुफ्त सीवर कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएं।
फोटो न: 9

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button