नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार

असदुल्लाह सिद्दीकी
खेसरहा/सिद्धार्थनगर। जनपद की थाना खेसरहा पुलिस टीम ने एक नाबालिग के साथ घटित अपराध के मामले में आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपी रोहन पुत्र जीवन निषाद निवासी ग्राम सोरवामाफी, थाना खेसरहा के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, एक नाबालिग के साथ हुए अपराध के संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना खेसरहा में सुसंगत धाराओं के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस द्वारा त्वरित जांच शुरू की गई।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वांछित अभियुक्त रोहन को बांसी-बेलौहा मार्ग के पास से गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के माध्यम से कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने का प्रयास किया गया है। इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक रवि प्रताप सिंह और कांस्टेबल जितेंद्र साहनी की मुख्य भूमिका रही, जिन्होंने आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की।



