ग़ाज़ियाबाद

अवैध निर्माण पर चला जीडीए का बुलडोजर, विरोध के बीच गिराए गए अवैध हिस्से

गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने अवैध निर्माण और अनधिकृत विस्तार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए सोमवार को साहिबाबाद क्षेत्र के लाजपतनगर और राजेन्द्र नगर में व्यापक ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के निर्देशों के क्रम में प्रवर्तन जोन-07 की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में कई अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया। अभियान के तहत लाजपतनगर, साहिबाबाद स्थित भवन संख्या ए-133 एवं ए-133ए में स्वीकृत मानचित्र से अधिक किए गए निर्माण को चिन्हित कर ध्वस्तीकरण किया गया। जीडीए अधिकारियों के अनुसार भवन स्वामियों द्वारा बिना अनुमति अतिरिक्त निर्माण कराया गया था, जो प्राधिकरण नियमों का उल्लंघन था। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। राजेन्द्र नगर सेक्टर-02 स्थित भूखण्ड संख्या 6/146 पर बनाए गए अतिरिक्त तल को गिराया गया। इसके अलावा सेक्टर-02 के ही भूखण्ड संख्या 2/29 के सामने डाली गई अवैध टीन शेड को हटाया गया। वहीं सेक्टर-05 के भूखण्ड संख्या 1/21 के फ्रंट में निर्मित अवैध शौचालय को भी ध्वस्त कर दिया गया। प्राधिकरण का कहना है कि इन निर्माणों के संबंध में पूर्व में नोटिस जारी किए जा चुके थे, लेकिन नियमों का पालन नहीं किया गया। ध्वस्तीकरण के दौरान कुछ निर्माणकर्ताओं द्वारा विरोध दर्ज कराया गया, जिसे प्राधिकरण पुलिस बल ने नियंत्रित कर लिया। सहायक अभियंता, अवर अभियंता, प्रवर्तन जोन-07 का पूरा स्टाफ तथा प्रवर्तन दस्ता मौके पर मौजूद रहा और कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से पूरी कराई गई। जीडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में अवैध निर्माण और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा आगामी माह में भी ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई तेज की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button