दिल्ली में नकली आईफोन पार्ट्स का बड़ा रैकेट बेनकाब, ₹1.60 करोड़ का माल जब्त।

एहसान अंसारी
नई दिल्ली: दिल्ली में नकली मोबाइल पार्ट्स के कारोबार पर बड़ा प्रहार करते हुए दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने रोहिणी इलाके में चल रहे नकली आईफोन पार्ट्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब ₹1.60 करोड़ की नकली सामग्री बरामद की है।
क्राइम ब्रांच की NR-I टीम को सूचना मिली थी कि एप्पल के नाम पर नकली मोबाइल पार्ट्स खुलेआम बेचे जा रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने विकास सूर्या मॉल और मंगलम प्लेस मॉल में स्थित पांच दुकानों पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में नकली मोबाइल पार्ट्स बरामद किए, जिनमें करीब 1000 आईफोन बैक पैनल, 228 बैटरियां, 738 बैक कवर के अलावा चार्जिंग फ्लेक्स, एडॉप्टर और USB-C केबल शामिल हैं। इन सभी सामानों की बाजार में अनुमानित कीमत लगभग ₹1.60 करोड़ बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी नकली पार्ट्स को असली बताकर ग्राहकों को बेच रहे थे, जिससे उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान होने के साथ-साथ कंपनी की ब्रांड छवि को भी नुकसान पहुंच रहा था।
यह पूरी कार्रवाई इंस्पेक्टर अजय शर्मा के नेतृत्व में की गई, जो एसीपी अशोक शर्मा के मार्गदर्शन और डीसीपी पंकज कुमार के समग्र पर्यवेक्षण में सफलतापूर्वक अंजाम दी गई।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस नकली सामान की सप्लाई कहां से हो रही थी और इस रैकेट में और कौन-कौन शामिल हैं।



