गोवर्धन रोड पर बह रहा गंदा पानी

-राधा सिटी आदि कालोनियों को एमवीडीए ने कैसे किया अप्रूव्ड
–गंदे पानी से संतोहा और कामिनी में वन वे बना हुआ है रोड़
मथुरा। जनपद के व्यस्ततम गोवर्धन रोड़ का हाल बेहाल है। अनेक वीआईपी और आला अफसर हर दिन यहीं से गुजरते हैं लेकिन किसी का इस ओर ध्यान नहीं गया। इस मार्ग पर खामनी गांव में और एमवीडीए अप्रूव्ड राधा सिटी कालोनी के गंदे पानी के सड़क पर आने से फोर लेन रोड़ सिंगल लेन बन गया है। तेज रफ्तार वाहन जल्दी निकलने के चक्कर में दुर्घटनाओं के जनक बन रहे हैं। गौरक्षा पवन दुबे ने सोस्यल मीडिया के माध्यम से इस समस्या की ओर लोगों का ध्यान आकृष्ट किया है।
उल्लेखनीय है कि मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण के किसी भी कालोनी को अप्रूव्ड करने के नियम काफी कड़े हैं लेकिन श्री ग्रुप की गोवर्धन रोड़ सतोहा के निकट स्थित राधा सिटी कालोनी जिसके गंदे पानी के निस्तारण का इंतजाम नहीं कैसे अप्रूव्ड कर दिया। पूरी कालोनी बसने के बाद जब कालोनी का गंदा पानी फोरलेन गोवर्धन रोड को खराब कर रहा है तब हकीकत सामने आई है। इधर राधा सिटी रैजिडेंसियल वैलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष हरीमोहन शर्मा ने बताया कि पानी का निकास गुलमोहर, मन्नत, विंटेज आदि सभी कालोनियों का होना है। पहले पीडब्ल्यूडी ने सड़क किनारे नाला बनाया। बाद में इसे तोड़कर एमवीडीए ने करीब दो करोड़ की लागत से यही काम शुरू किया लेकिन नाला गुलमोहर से राधा सिटी तक ही बना है। वह आगे बने और एसटीपी से शोधित कालोनियों का पानी मथुरा स्केप में डले तब समस्या का समाधान हो। उन्होंने यह भी बताया कि आसपास आधा दर्जन से ज्यादा कालोनी विकसित हो चुकी हैं। जल्द नाला निर्माण नहीं हुआ तो हर व्यक्ति के लिए मुश्किलें पैदा होंगी। इधर खामनी गांव में भी सालों से सड़क पर पानी बहना आम हो चला है।



