ग़ाज़ियाबाद

मानसरोवर भवन, उत्तराखंड व पूर्वांचल भवन का उपयोग शुरू करें नागरिक: योगी

वेलकम इंडिया

गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गाजियाबाद को विकास, सुव्यवस्था और आत्मविश्वास का नया प्रतीक बताते हुए कहा कि वह गाजियाबाद, जिसे कभी अपराध और गैंगवार की फिल्मों से पहचाना जाता था, अब देश की सबसे स्वच्छ और स्मार्ट सिटी के रूप में अपनी एक नई पहचान गढ़ रहा है। सेंटर इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (सीईएल) के स्वर्ण जयंती समारोह और ग्रीनफील्ड डेटा सेंटर के शिलान्यास अवसर पर गाजियाबाद पहुंचे मुख्यमंत्री ने न केवल नगर के तकनीकी, अवसंरचनात्मक और आध्यात्मिक विकास की दिशा में योजनाओं को गति दी, बल्कि पत्रकारों से खुलकर संवाद करते हुए गाजियाबाद को ग्रेटर गाजियाबाद के रूप में पुनर्परिभाषित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस गाजियाबाद को एक दशक पहले तक लोग ट्रैफिक, बदहाल कानून-व्यवस्था और माफियाओं की छाया से जोड़ते थे, वह आज 12-लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, रैपिड रेल, मेट्रो और हवाई सुविधा से युक्त स्मार्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर वाला शहर बन चुका है। पीएम मोदी के नेतृत्व में यूपी के पिछले आठ वर्षों के ट्रांसफॉर्मेशन को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया की 50 सबसे स्वच्छ शहरों की सूची में प्रदेश से पहला नाम गाजियाबाद का आना इस बदलाव का प्रमाण है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं के जत्थे को शुभकामनाएं दीं और यात्रा किट सौंपा। उन्होंने कहा कि यूपी सरकार यात्रियों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देगी और यात्रा की सुविधा के लिए बनाए गए मानसरोवर भवन का लाभ श्रद्धालुओं को मिल रहा है। उन्होंने गाजियाबाद के उत्तराखंड भवन और पूर्वांचल भवन का भी अधिकतम उपयोग करने का आह्वान किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button