रजवाहे में पानी नही आने से किसानों को सिचाई करने में आ रही परेशानियां

बुलंदशहर ऊंचागांव : क्षेत्र के गांव रघुनाथपुर,पाली आनंदगढ़ी,सबदलपुर,कमालपुर व ऊंचागांव के किसानों को रजवाहे में पानी नही आने से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पानी के अभाव में हजारों बीघा जमीन बंजर हो रही है। किसानों ने अपना दर्द बयां करते हुए रजवाहे में पानी छोड़े जाने की मांग की है। किसानों का आरोप है कि रजवाहे की सिल्ट सफाई में भ्रष्टाचार होता है। नरसेना क्षेत्र के पाली रघुनाथपुर आनंदगढी, सबदलपुर कमालपुर,ऊंचागांव आदि गांवों के हजारों बीघा खेतों के लिए सिंचाई का एकमात्र साधन रजवाहा ही है। इस रजवाहे में पानी न आने से किसान परेशान हैं। रजवाहे में पानी न आने से किसान जैसे तैसे जुगाड से खेतों की सिंचाई करने को विवश हैं। धान की पौध व रोपाई का समय पीक पर है। इस समय बारिश नहीं हो रही है। सूखे जैसी स्थिति बनी हुई है। ऐसे में किसान पानी के लिए परेशान हैं। अब धान की फसल लगाने को देखते हुए किसानों के पसीने छूट रहे हैं। किसानों का आरोप है कि भ्रष्टाचार के चलते रजवाहे में पानी नहीं छोड़ा जा रहा है। शिकायत के बावजूद भी संबंधित आला अधिकारी और जनप्रतिनिधि आंखें मूंदे हुए हैं।जिसकी शिकायत आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय संगठन मंत्री देवेंद्र सिंह राणा ने मुख्य अभियंता सिंचाई विभाग को पत्र भेजते हुए की है। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में किसानों की सिचाई का एकमात्र साधन रजवाहा ही है। जिस कारण किसानों की फसलों की बुआई समय से नही हो पायेगी और ईख की फसल सूखकर नष्ट हो जाएगी। जिसके चलते किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ेगा। उन्होंने रजवाहे में जल्द से जल्द पानी छुड़वाने की मांग की है