उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल का भव्य शपथ ग्रहण समारोह संपन्न

वेलकम इंडिया
गाजियाबाद।रामलीला मैदान, कवि नगर में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल मेरठ मंडल के गाजियाबाद महानगर इकाई का शपथ ग्रहण समारोह भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुकुंद मिश्रा ने कहा कि व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ की हड्डी हैं, और उन्हें एकजुट होकर अपनी शक्ति का प्रदर्शन करना चाहिए। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल भारत का सबसे पुराना व्यापार संगठन है, जिसकी शाखाएँ जम्मू से कन्याकुमारी तक फैली हुई हैं। इस संगठन की स्थापना पूर्व सांसद स्वर्गीय श्याम बिहारी मिश्रा द्वारा की गई थी, और आज यह पूरे भारत में व्यापारियों की आवाज बन चुका है। उन्होंने ऑनलाइन बाजार को व्यापारियों के लिए एक अभिशाप बताते हुए अपील की कि सभी लोग ऑनलाइन खरीदारी छोड़कर अपने स्थानीय बाजारों से ही खरीदारी करें, ताकि दुकानदारों को मजबूती मिले और व्यापार का संतुलन बना रहे। शपथ ग्रहण समारोह में मेरठ मंडल के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल सांवरिया और महामंत्री गौरव गर्ग सहित पूरी टीम को व्यापार मंडल की शपथ दिलाई गई। साथ ही, गाजियाबाद महानगर इकाई से सुभाष छाबड़ा (अध्यक्ष) और मनवीर नगर (महामंत्री) को चौथी बार पुन: नियुक्त किया गया। इसके अलावा, बजरिया व्यापार मंडल की नई इकाई का भी गठन किया गया, जिसमें अजय कालरा के नेतृत्व में व्यापार मंडल की सदस्यता ग्रहण की गई।