शहर-राज्य

मानदेय बढ़ाने समेत चार मांगों को लेकर रोजगार सेवकों ने किया प्रदर्शन

वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी

सिद्धार्थनगर। मानदेय बढ़ाने समेत चार सूत्रीय मांगों को लेकर ग्राम रोजगार सेवकों ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। ग्राम रोजगार सेवक संघर्ष मोर्चा के बैनर तले जुटे रोजगार सेवकों ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर मांगों के निस्तारण की मांग की। धरने की अध्यक्षता जिला संयोजक सदानन्द यादव ने की। प्रदेश संयोजक कुलदीप द्विवेदी ने कहा कि रोजगार सेवक पिछले 20 वर्षों से गांवों में विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने का काम कर रहे हैं, लेकिन उन्हें न तो सेवा सुरक्षा मिली और न ही सम्मानजनक मानदेय। प्रदेश उपाध्यक्ष विजय मिश्रा ने कहा कि रोजगार सेवक श्रमिकों को काम दिलाने, मस्टररोल तैयार करने, जॉब कार्ड और विकास कार्यों की निगरानी जैसे कार्य करते हैं, फिर भी उनकी समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। ज्ञापन में मानदेय बढ़ाकर 24 हजार रुपये प्रतिमाह करने, भुगतान के लिए अलग बजट, रोजगार सेवकों और उनके परिवार को कैशलेस इलाज की सुविधा, एचआर पॉलिसी लागू करने तथा ग्राम पंचायत के सभी कार्यों को जॉब चार्ट में शामिल कर पदनाम ग्राम विकास सहायक करने की मांग की गई। जिला संयोजक सदानन्द यादव ने कहा कि मांगें पूरी होने तक कलमबंद हड़ताल जारी रहेगी। तीन दिसंबर को प्रदेशव्यापी आह्वान पर लखनऊ में विधानसभा घेराव किया जाएगा। धरने का संचालन जिला संरक्षक राजेश चतुर्वेदी ने किया। इस दौरान जिला महामंत्री अमरेश यादव समेत बड़ी संख्या में रोजगार सेवक मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button