शहर-राज्य

अमया गांव में अचानक टूटा पुल, ईंटों से लदी ट्रॉली फंसी; बड़ा हादसा टला

संतकबीरनगर।
देवरिया लाल-मुसरद मार्ग पर दोपहर करीब 12 बजे हुई घटना, लगभग 20 साल पुराने पुल के टूटने से आवागमन पर खतरा; ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की उठाई मांग।

सेमरियावां क्षेत्र के अमया गांव में शुक्रवार को देवरिया लाल से मुसरद जाने वाले मार्ग पर स्थित पीडब्ल्यूडी के पुल के टूटने से अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय पुल पर ईंटों से लदी एक ट्रॉली गुजर रही थी, जो पुल टूटने के बाद फंस गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।

घटना शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। पुल टूटने के बाद मौके पर ट्रॉली स्वामी ईंटों से लदी ट्रॉली को खाली करने में जुट गए, ताकि आगे की स्थिति को संभाला जा सके। पुल टूटने की घटना से मार्ग पर आवागमन करने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

—करीब 20 साल पुराना बताया जा रहा पुल

स्थानीय लोगों के मुताबिक, पुल लगभग 20 साल पुराना है। इसके टूटने से आवागमन के दौरान किसी बड़े हादसे की आशंका पैदा हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित विभाग को पुल की स्थिति का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक कदम उठाने चाहिए, जिससे भविष्य में किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

—ग्रामीणों ने प्रशासन से की तत्काल कार्रवाई की मांग

प्रधान साजिद खान , जावेद अहमद, शमशाद अहमद, हरिवंश, जयराम और बृजमोहन समेत अन्य लोगों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मामले का तत्काल संज्ञान लेने की अपील की है। ग्रामीणों ने मांग की है कि मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और पुल की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए।

ग्रामीणों के अनुसार, देवरिया लाल से मुसरद जाने वाला यह मार्ग स्थानीय लोगों के आवागमन के लिए महत्वपूर्ण है। ऐसे में पुल टूटने के बाद सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करना जरूरी है, ताकि कोई व्यक्ति अनजाने में दुर्घटना का शिकार न हो।

फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। अब संबंधित विभाग की ओर से सुरक्षा और मरम्मत को लेकर की जाने वाली कार्रवाई पर ग्रामीणों की नजरें टिकी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button