गंगनहर के पास तेज रफ्तार बस पलटी, 15 यात्री घायल; मची चीख-पुकार

मुरादनगर। गंगनहर के पास रविवार सुबह तेज रफ्तार रुड़की डिपो की बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में करीब 15 यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को मुरादनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहित अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 9:30 बजे रुड़की डिपो की बस गंगनहर के पास पिलर नंबर 969 के निकट पहुंची थी। बताया गया कि बस की रफ्तार काफी तेज थी। इसी दौरान चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। बस में करीब 25 यात्री सवार थे। अचानक हुए हादसे से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री बस के अंदर फंस गए, जबकि अन्य यात्रियों ने बाहर निकलकर मदद के लिए आवाज लगाई। हादसे में घायल रहमान, रिहान, मुबारक, अकरम, जुबैर, इकबाल और मुस्लिम बुलंदशहर के निवासी बताए गए हैं। ये सभी निजामुद्दीन से रुड़की में जमात में शामिल होने जा रहे थे। इनके अलावा मुजफ्फरनगर निवासी मंजीत भी हादसे में घायल हुए हैं। दुर्घटना में घायल यात्रियों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और घायलों की मदद में जुट गए। घायल यात्रियों ने बताया कि बस चालक काफी तेज गति से बस चला रहा था। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली और घायलों को अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था कराई। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार से वाहन चलाने के खतरों को सामने ला दिया है।



