एलिवेटेड रोड पर पांच कारें भिड़ीं, मची अफरातफरी, पीछे से तीन कारें भी जा भिड़ीं

गाजियाबाद। साहिबाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में रविवार तड़के एलिवेटेड रोड पर तेज रफ्तार के कारण पांच कारें आपस में टकरा गईं। हादसे में कई लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद एलिवेटेड रोड पर अफरातफरी मच गई और वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर पहुंची यातायात पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं, क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया गया।
बताया गया कि रविवार तड़के करीब पांच बजे वसुंधरा चौकी क्षेत्र में एलिवेटेड रोड पर एक वैगनआर कार जा रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही कार ने वैगनआर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वैगनआर अनियंत्रित होकर सड़क पर टेढ़ी हो गई। इसी बीच पीछे से आ रही तीन अन्य कारें भी एक के बाद एक उससे टकराती चली गईं। हादसे में पांचों कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास से गुजर रहे वाहन चालकों में अफरातफरी मच गई। राहगीरों ने घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर यातायात पुलिस और इंदिरापुरम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर थाने पर खड़ा कराया। हादसे के चलते एलिवेटेड रोड पर कुछ समय तक लंबा जाम लगा रहा। पुलिस के अनुसार हादसे की वजह प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार मानी जा रही है। पुलिस एलिवेटेड रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जिससे दुर्घटना की सही वजह और टक्कर मारने वाली कार के चालक की भूमिका स्पष्ट हो सके। एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि मामले में अभी कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

