शहर-राज्य

विश्व फिजियोथैरेपी दिवस : निःशुल्क शिविर मे मरीजों को मिला आधुनिक तकनीकों से उपचार

_हुसैनगंज के सिद्धार्थ ऑर्थो एवं न्यूरो फिजियोथेरेपी सेंटर में लगा शिविर, डॉ. सुभाष यादव ने दिए स्वास्थ्य टिप्स।

वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी

सिद्धार्थनगर। विश्व फिजियोथेरेपी दिवस के अवसर पर मंगलवार को हुसैनगंज स्थित सिद्धार्थ ऑर्थो एवं न्यूरो फिजियोथेरेपी सेंटर में एक निःशुल्क फिजियोथेरेपी स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे हड्डी, जोड़, नस और बच्चों से संबंधित विभिन्न बीमारियों से पीड़ित मरीजों की निःशुल्क जांच की गई।
शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. विमल द्विवेदी और विशिष्ट अतिथि डॉ. के. के. यादव की उपस्थिति में हुआ। इस एक दिवसीय शिविर में क्षेत्र के लगभग 170 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श और अत्याधुनिक मशीनों से निःशुल्क थेरेपी दी गई। उपचार पाने वाले कुल मरीजों में लगभग 60 महिलाएं, 90 पुरुष और 20 बच्चे शामिल रहे। शिविर में पहुंचे वरिष्ठ फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. सुभाष यादव ने मरीजों को नियमित फिजियोथेरेपी के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। शिविर के दौरान महिला मरीजों के विशेष उपचार और परामर्श के लिए फिजियोथेरेपिस्ट विशेषज्ञ डॉ. सुनीता गुप्ता और डॉ. ज्योति यादव मौजूद रहीं, जिनके द्वारा महिलाओं की विभिन्न शारीरिक समस्याओं का गहन परीक्षण कर फिजियोथेरेपी की गई। शिविर में गर्दन, कंधे, कमर व घुटने के दर्द, गठिया, मांसपेशियों में खिंचाव, स्लिप डिस्क, चोट और फ्रैक्चर या ऑपरेशन के बाद होने वाली जटिलताओं से पीड़ित मरीजों को राहत पहुंचाई गई। इसके साथ ही नस संबंधी गंभीर रोगों जैसे लकवा, पक्षाघात, चेहरे का लकवा, साइटिका, पार्किंसन, रीढ़ की हड्डी की चोट और पुराने सिरदर्द से परेशान मरीजों को भी आधुनिक तकनीकों से परामर्श दिया गया। शिविर में आए लगभग 20 बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया गया। जिनमें मुख्य रूप से ऐसे बच्चे शामिल थे जो शारीरिक अक्षमता के कारण खड़े होने और चलने में पूरी तरह असमर्थ थे। इसके अलावा शारीरिक विकास में देरी, सेरेब्रल पाल्सी, डाउन सिंड्रोम और पोलियो से पीड़ित बच्चों के लिए भी विशेष फिजियोथेरेपी सत्र आयोजित किए गए। डॉ. सुभाष यादव ने क्षेत्रवासियों की सुविधा के लिए बताया कि जो मरीज गंभीर स्थिति के कारण केंद्र तक आने में असमर्थ हैं, उनके लिए अस्पताल द्वारा घर जाकर फिजियोथेरेपी करने की सुविधा भी चालू है। मुख्य व विशिष्ट अतिथियों ने इस मानवीय प्रयास की सराहना की और राहत पाने वाले मरीजों व उनके परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button