ग़ाज़ियाबाद

शहर की प्रकाश व्यवस्था पर महापौर सख्त, बैठक कर जानी वार्डवार स्थिति

गाजियाबाद। शहर की प्रकाश व्यवस्था को लेकर महापौर सुनीता दयाल ने सख्त रुख अपनाते हुए नगर निगम के प्रकाश विभाग के अधिकारियों को सभी वार्डों में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए हैं। महापौर सुनीता दयाल ने बुधवार को सिटी जोन, कविनगर जोन और विजय नगर जोन की प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा के लिए सहायक अभियंता स्वप्निल जैन तथा लाइट इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार और मनोज कुमार के साथ बैठक की। बैठक में महापौर ने तीनों जोन के सभी वार्डों की स्थिति की जानकारी ली और अधिकारियों से प्रकाश व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी वार्ड में लाइन बंद होने या स्ट्रीट लाइट खराब होने की जानकारी अधिकारियों को होनी चाहिए। इसके लिए अधिकारियों को नियमित रूप से वार्डों का निरीक्षण करने और सभी पार्षदों से संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
महापौर ने कहा कि शहर में प्रकाश व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। बंद पड़ी सभी लाइटों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराया जाए। जिन स्थानों पर प्रकाश की आवश्यकता है, वहां नई लाइटें लगाई जाएं। साथ ही शहरवासियों या पार्षदों की ओर से प्राप्त होने वाली शिकायतों का भी तत्काल निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में जन्माष्टमी और दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार आने वाले हैं। इन अवसरों पर मंदिरों, प्रमुख मार्गों और वार्डों में विशेष प्रकाश व्यवस्था की जाती है। यदि समय रहते कार्य शुरू नहीं किया गया तो कर्मचारियों और पार्षदों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसलिए नगर निगम अभी से विशेष अभियान चलाकर प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त कराए, ताकि सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जा सकें। महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रकाश व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाए और किसी भी शिकायत को लंबित न रखा जाए। उन्होंने कहा कि शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button