शहर-राज्य

त्योहारों पर पुलिस का फ्लैग मार्च, ड्रोन से रखी चप्पे-चप्पे पर नजर

वेलकम इण्डिया/असदुल्लाह सिद्दीकी

बिस्कोहर/सिद्धार्थनगर। आगामी प्रमुख त्योहारों—रक्षाबंधन, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और 12 वफात—को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। क्षेत्र में अमन-चैन और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से मंगलवार शाम को साढ़े पांच बजे प्रभारी निरीक्षक त्रिलोकपुर हरे कृष्ण उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कस्बा बिस्कोहर में पैदल फ्लैग मार्च निकालकर अपनी ताकत का अहसास कराया।यह फ्लैग मार्च स्थानीय पुलिस चौकी बिस्कोहर से शुरू होकर कस्बे के विभिन्न संवेदनशील और घनी आबादी वाले इलाकों से गुजरा। पुलिस बल ने चौकी से प्रस्थान कर पश्चिम मोहल्ला, कसेरा और शाह मोहल्ला होते हुए मुख्य मार्केट का रुख किया। इसके बाद टीम पुराना डाकखाना मार्ग से होते हुए परशुराम तिराहा पहुँची और वापस पुलिस चौकी पर आकर मार्च का शांतिपूर्ण समापन हुआ। मार्च के दौरान पुलिस जवानों ने मुख्य चौराहों, संवेदनशील स्थानों और स्थानीय बाजारों में गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस बीच अधिकारियों ने क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों और आम जनता से संवाद स्थापित कर सभी त्योहारों को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की।सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह अभेद्य और चाक-चौबंद बनाने के लिए पुलिस ने आधुनिक तकनीक का भी सहारा लिया। फ्लैग मार्च के दौरान कस्बे की हर गतिविधि पर बारीक नजर रखने के लिए आसमान में ड्रोन कैमरे उड़ाए गए। ड्रोन के जरिए घने मोहल्लों, मकानों की छतों और तंग गलियों की सघन निगरानी की गई, ताकि कोई भी शरारती या असामाजिक तत्व कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ न कर सके।प्रभारी निरीक्षक हरे कृष्ण उपाध्याय ने सख्त लहजे में हिदायत दी कि त्योहारों के दौरान माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले या सोशल मीडिया पर भ्रामक व भड़काऊ पोस्ट डालने वाले उपद्रवियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस सुरक्षा मार्च में उपनिरीक्षक तालीमुद्दीन खान, इशांशु श्रीवास्तव, विजय कुमार, इंद्रजीत सिंह, अमरेश पांडेय, आशीष मौर्य, अजय यादव और बलराम सिंह सहित भारी संख्या में पुलिस अधिकारी और पुलिसकर्मी पूरी मुस्तैदी के साथ मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button