शहर-राज्य

पुलिस मुठभेड़ में चोरी के आभूषण व बाइक समेत आरोपी गिरफ्तार

जैनुल आबदीन के पैर में लगी गोली, साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार

वेलकम इंडिया पीलीभीत
पीलीभीत। थाना न्यूरिया क्षेत्र में लगातार हुई चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से चोरी के आभूषण, मोटरसाइकिल, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। वहीं उसका एक साथी अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया।पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एएसपी नताशा गोयल के नेतृत्व में चोरी की घटनाओं के खुलासे और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में 24 अगस्त की रात करीब 9:30 बजे थानाध्यक्ष दिगम्बर सिंह पुलिस टीम के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मझौला की ओर से धनकुना की तरफ बाइक पर दो संदिग्ध आते दिखाई दिए।
पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो बाइक सवार धनकुना रोड से भुजिया मजार की ओर जाने वाले लिंक मार्ग पर भागने लगे। पीछा करने पर पुलिस के अनुसार आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में जैनुल आबदीन निवासी मोहल्ला अब्दुल रहीम, न्यूरिया के बाएं पैर में गोली लगी। उसका साथी रमन निवासी रामपुर काजी, थाना केलाखेड़ा, उत्तराखंड अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी न्यूरिया भेजा गया। तलाशी में पुलिस ने चोरी की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल संख्या यूपी26 एएन8266, 1950 ग्राम सफेद धातु के आभूषण, 12.93 ग्राम पीली धातु के आभूषण, 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और आधार कार्ड बरामद किया।पुलिस के अनुसार बरामद आभूषण न्यूरिया क्षेत्र में ज्वैलरी दुकान और एक घर में हुई चोरी से संबंधित हैं। मामले में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग के आरोप में भी मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष दिगम्बर सिंह, एसओजी प्रभारी अजय पाल सिंह, उपनिरीक्षक अरविन्द कुमार तथा कांस्टेबल कपिल, चाहत और गौरव शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button