वृंदावन में गूंजे भगवान जगन्नाथ के जयकारे, निकाली भव्य रथयात्रा
मथुरा/वृंदावन। भगवान श्रीकृष्ण की क्रीड़ास्थली वृंदावन में गुरुवार को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। पूरे नगर में “जय जगन्नाथ” के जयकारों से भक्तिमय माहौल बन गया।
जगन्नाथ मंदिरों में सुबह से ही विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। सायंकाल जगन्नाथ घाट स्थित मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों से भगवान जगन्नाथ, उनके भ्राता बलभद्र और बहन सुभद्रा की भव्य रथयात्राएं निकाली गईं। रथयात्राएं नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई ज्ञानगुदड़ी स्थित उद्धव ज्ञानस्थल पहुंचीं और वहां विश्राम के बाद अपने-अपने मंदिरों में संपन्न हुईं।
जगन्नाथ घाट मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा को अलग-अलग रथों में विराजमान कराया गया। सेवायतों ने विधिवत आरती उतारी और बैंड-बाजों व धार्मिक धुनों के बीच रथयात्रा का शुभारंभ किया। भगवान श्रीगणेश की आकर्षक झांकी और सजे-धजे रथ श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहे।
रथ पर विराजमान सेवायत श्रद्धालुओं के बीच ठाकुरजी के प्रसाद स्वरूप आम सहित विभिन्न फलों का वितरण करते हुए चल रहे थे। हजारों श्रद्धालुओं ने रथ खींचकर स्वयं को धन्य महसूस किया। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी भक्ति संगीत पर झूमते हुए रथयात्रा में शामिल हुए और पूरे वृंदावन में भक्तिमय वातावरण छा गया।



