शहर-राज्य

जनपद स्तरीय वृहद रोजगार मेले में 116 युवाओं को मिला रोजगार

विजय द्विवेदी प्रतापगढ़ ब्यूरोदिनांक 14 जुलाई 2026(वेलकम इन्डिया) प्रतापगढ़। दिनांक 15 जुलाई को विश्व युवा कौशल दिवस के उपलक्ष्य में आज जनपद प्रतापगढ़ में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) परिसर स्थित टाटा टेक्नोलॉजी वर्कशॉप में जनपद स्तरीय वृहद रोजगार मेले का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सदर विधायक राजेन्द्र कुमार मौर्य ने फीता काटकर, मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में नोडल प्रधानाचार्य एवं जिला समन्वयक उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन आलोक कुमार ने मुख्य अतिथि का बुके एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक राजेन्द्र कुमार मौर्य ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र एवं प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने के लिए अनेक महत्वाकांक्षी योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से आह्वान किया कि वे केवल नौकरी प्राप्त करने तक ही सीमित न रहें, बल्कि अपने कौशल और अनुभव के बल पर ऐसे उद्यमी बनने का लक्ष्य निर्धारित करें जो भविष्य में अन्य युवाओं को भी रोजगार उपलब्ध करा सकें।नोडल प्रधानाचार्य आलोक कुमार ने कहा कि उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन राज्य सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके माध्यम से समाज के अंतिम छोर तक रहने वाले अल्पशिक्षित एवं बेरोजगार युवक-युवतियों को विभिन्न ट्रेडों में गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त युवा अनुभव अर्जित कर स्टार्टअप एवं उद्यमिता के माध्यम से स्वयं का उद्योग स्थापित कर दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित कर सकते हैं।रोजगार मेले में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन एवं आईटीआई के लगभग 283 प्रशिक्षणार्थियों ने ब्लिंकिट कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड, स्पेक्ट्रम, श्री साई फ्रूट एंड एग्री डेवलपमेंट इंडस्ट्री, ग्रो, उड़ान, शुभ मसाला, याजाकी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, केयर हेल्थ नर्सेस प्राइवेट लिमिटेड, एल एंड टी कंस्ट्रक्शन, यूनिक सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड, बिरयानी बीस तथा एसवीजी एक्सप्रेस सहित विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में साक्षात्कार दिया। चयन प्रक्रिया के बाद 116 अभ्यर्थियों का विभिन्न कंपनियों में चयन किया गया। इस अवसर पर विधायक सदर ने चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में एमआईएस प्रबंधक भूपेन्द्र सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक रवीन्द्र पाण्डेय, कार्यदेशक जीआईटी एम.पी. मिश्रा सहित उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के समस्त प्रशिक्षण प्रदाता, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे। रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं में रोजगार के प्रति उत्साह और आत्मनिर्भर बनने की नई ऊर्जा देखने को मिली।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button