ग़ाज़ियाबाद

जीडीए उपाध्यक्ष ने आधुनिक बैंक्वेट हॉल और बहुउद्देश्यीय कन्वेंशन सेंटर विकसित करने के दिए निर्देश

गाजियाबाद। शहरवासियों को आधुनिक और सुव्यवस्थित सार्वजनिक आयोजन स्थल उपलब्ध कराने की दिशा में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। कवि नगर स्थित पुराने गेस्ट हाउस परिसर को अत्याधुनिक कन्वेंशन सेंटर सह उत्सव भवन के रूप में विकसित करने की योजना अब तेजी से आगे बढ़ाई जाएगी। शुक्रवार को जीडीए के उपाध्यक्ष नंदकिशोर कलाल ने मुख्य अभियंता एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने परिसर की वर्तमान स्थिति, उपलब्ध भूमि, भवनों की संरचना और विकास की संभावनाओं का विस्तार से जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इस स्थान को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बहुउद्देश्यीय कन्वेंशन सेंटर और बैंक्वेट हॉल के रूप में विकसित करने की विस्तृत कार्ययोजना शीघ्र तैयार की जाए, ताकि शहरवासियों को उच्चस्तरीय आयोजन स्थल उपलब्ध कराया जा सके। उपाध्यक्ष ने कहा कि गाजियाबाद जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहर में बड़े सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक, सरकारी और व्यावसायिक आयोजनों के लिए आधुनिक सुविधाओं वाले सार्वजनिक परिसर की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। प्रस्तावित परियोजना इस आवश्यकता को पूरा करेगी और शहर के आधारभूत ढांचे को नई पहचान देगी। प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना की अवधारणा पहले भी प्रस्तुत की जा चुकी है। अब इसे धरातल पर उतारने की दिशा में तेज़ी से कार्य किया जा रहा है। परियोजना को लोक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल अथवा गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा स्वयं विकसित किए जाने के विकल्पों पर विचार किया जा रहा है। अंतिम निर्णय तकनीकी और वित्तीय अध्ययन के बाद लिया जाएगा। प्रस्तावित कन्वेंशन सेंटर सह उत्सव भवन के निर्माण के बाद शहर के नागरिकों को विवाह समारोह, पारिवारिक आयोजन, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम, शैक्षणिक सम्मेलन, सरकारी बैठकों और कॉर्पोरेट आयोजनों के लिए एक आधुनिक, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधासंपन्न परिसर उपलब्ध होगा। इससे निजी बैंक्वेट हॉल पर निर्भरता कम होगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं अपेक्षाकृत किफायती दरों पर मिल सकेंगी। विशेष रूप से मध्यम एवं निम्न आय वर्ग के परिवारों को इस परियोजना से बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है। वर्तमान में निजी आयोजन स्थलों का खर्च कई परिवारों की पहुंच से बाहर होता है, जबकि प्रस्तावित उत्सव भवन में बेहतर सुविधाएं उचित शुल्क पर उपलब्ध कराने की योजना है। इससे आम नागरिक भी गरिमापूर्ण वातावरण में अपने पारिवारिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित कर सकेंगे। निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परियोजना से संबंधित सभी तकनीकी, वित्तीय और प्रशासनिक औपचारिकताओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन तैयार करने, संभावित मॉडल का परीक्षण करने तथा आवश्यक स्वीकृतियों की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि विकास कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जा सके। उपाध्यक्ष ने कहा,  ‘गाजियाबाद विकास प्राधिकरण का उद्देश्य केवल भवन निर्माण करना नहीं, बल्कि नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक सार्वजनिक सुविधाएं विकसित करना है। यह परियोजना शहर के सामाजिक और सांस्कृतिक ढांचे को मजबूत करेगी तथा लोगों को विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त, सुरक्षित और किफायती आयोजन स्थल उपलब्ध कराएगी। जनहित से जुड़े ऐसे विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता सहित जीडीए के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि उपाध्यक्ष के निर्देशों के अनुरूप परियोजना की कार्ययोजना शीघ्र तैयार कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाएगी, ताकि कवि नगर स्थित यह पुराना परिसर भविष्य में शहर के सबसे आधुनिक और बहुउद्देश्यीय ‘उत्सव भवनÓ के रूप में नई पहचान बना सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button