हिन्दुस्तान पेट्रोलियम (आरकेपीएल) ने चिंताहरण महादेव मंदिर परिसर में चलाया झाड़ू

स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत ब्रज क्षेत्र के स्थानों में चलाया जा रहा है अभियान
मथुरा। देश की अग्रणी तेल कंपनी हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड की रेवाड़ी-कानपुर पाइपलाइंस (आरकेपीएल) टीम द्वारा ब्रज क्षेत्र में ‘स्वच्छता पखवाड़ा’ के तहत बड़े स्तर पर सामाजिक और पर्यावरण जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आरकेपीएल की टीम ने पुरानी गोकुल-महावन स्थित विश्व-प्रसिद्ध बाबा चिंताहरण महादेव मंदिर परिसर में एक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।
यह पूरा स्वच्छता अभियान रेवाड़ी-कानपुर पाइपलाइंस टीम के वरिष्ठ प्रबंधक टी.एम. शिवकुमार के नेतृत्व में 01 जुलाई से 15 जुलाई तक चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत टीम के सदस्यों द्वारा ब्रज क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर झाड़ू लगाकर सफाई की जा रही है और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत केवल सफाई ही नहीं की जा रही है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए टीम द्वारा स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं के बीच पौधों का वितरण भी किया जा रहा है। स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण हमारे समाज की नींव हैं। ब्रज क्षेत्र के पावन स्थलों को स्वच्छ और हरा-भरा रखना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी भी है।
हिन्दुस्तान पेट्रोलियम रेवाड़ी-कानपुर पाइपलाइंस टीम के अधिकारियों के मुताबिक, हिन्दुस्तान पेट्रोलियम की आरकेपीएल टीम द्वारा ‘स्वच्छता पखवाड़ा’ के अंतर्गत ब्रज क्षेत्र के अलग-अलग ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों पर लगातार इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसका मुख्य उद्देश्य आम जनता को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और सिंगल-यूज प्लास्टिक के खिलाफ प्रेरित करना है। चिंताहरण महादेव मंदिर में आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम के दौरान हिन्दुस्तान पेट्रोलियम रेवाड़ी-कानपुर पाइपलाइंस के कई अधिकारी और टीम मेंबर्स मौजूद रहे, जिनमें मुख्य रूप से अमित कुमार, आयुष्मान, पंत, अर्पित, राहुल, आनंद, प्रदीप शर्मा, राजेन्द्र, जितेश टीम के सभी सदस्यों ने श्रमदान करते हुए मंदिर परिसर को स्वच्छ बनाने में अपना सक्रिय योगदान दिया। स्थानीय नागरिकों और मंदिर के मीडिया प्रभारी दिनेश सिंह तरकर ने हिन्दुस्तान पेट्रोलियम रेवाड़ी-कानपुर पाइपलाइंस टीम की इस अनुकरणीय पहल की सराहना की है।



