वृंदावन की ट्रैफिक व्यवस्था और अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त, दिन-रात करेंगी विशेष टीमें कार्य

मथुरा/वृंदावन। नगर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने तथा अतिक्रमण की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पर्यटन थाना परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा, अपर नगर आयुक्त सीपी पाठक पाठक, एसडीएम राजकुमार चौधरी, सीओ सदर पीपी सिंह, एआरटीओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। इसके अलावा सिविल सोसाइटी एवं जिला प्रशासन द्वारा गठित चार टीमों के कोऑर्डिनेटर भी बैठक में उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान वृंदावन की बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था, अवैध पार्किंग तथा बढ़ते अतिक्रमण को लेकर गहन विचार-विमर्श किया गया। साथ ही विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं तीर्थ पुरोहित महासभा के पदाधिकारियों ने भी अपने सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण के खिलाफ चलाया जाने वाला अभियान अब और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। इसके लिए गठित टीमें दिन और रात दोनों शिफ्टों में कार्य करेंगी, जिससे अतिक्रमण करने वालों को किसी भी प्रकार की राहत न मिल सके।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि अवैध रूप से पार्किंग करने वाले वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे वाहनों को क्रेन अथवा टोइंग वाहन के माध्यम से उठाकर निर्धारित स्थान पर ले जाया जाएगा और जुर्माना जमा कराने के बाद ही उन्हें छोड़ा जाएगा।
प्रशासन का कहना है कि इन कदमों से वृंदावन में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को सुविधा मिलेगी तथा अतिक्रमण की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा।



