मथुरा में जैत-कट पर बस और ट्रक की जोरदार भिड़ंत, 21 यात्री घायल, क्रेन से निकाले गए क्षतिग्रस्त वाहन

मथुरा/चौमुहाँ। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित जैत कट के समीप मंगलवार सुबह एक निजी बस और ट्रक की टक्कर में लगभग 21 यात्री घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस हादसे के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ, जिसे बाद में सुचारु कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, इंदौर से श्रद्धालुओं का एक दल रेल मार्ग से मथुरा पहुंचा था। वहां से इन श्रद्धालुओं ने निजी बस संख्या यूपी 85 एटी 8246 बुक की थी। सभी यात्री वृंदावन स्थित अखंडानंद आश्रम में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में शामिल होने जा रहे थे। बस जैसे ही जैत कट पार कर रही थी, तभी तेज गति से आ रहे ट्रक संख्या के ए 01 एआर 8496 ने बस में टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
दुर्घटना में घायल हुए लगभग 21 यात्रियों को उपचार के लिए आकाश सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टक्कर के कारण सड़क पर यातायात बाधित हो गया। बाद में क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य रूप से बहाल हो सका। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।



