भीषण गर्मी में ट्रैफिक पुलिस को राहत, मिले एसी हेलमेट

गाजियाबाद। भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच घंटों सड़क पर खड़े रहकर ड्यूटी करने वाले यातायात पुलिसकर्मियों को राहत देने के लिए गाजियाबाद पुलिस ने नई पहल की है। अब ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को विशेष एसी हेलमेट उपलब्ध कराए गए हैं, जिनमें टेम्प्रेचर कंट्रोल डिवाइस लगी हुई है। यह हेलमेट तेज गर्मी में सिर को ठंडा रखने में मदद करेंगे, जिससे पुलिसकर्मी अधिक ऊर्जा और सतर्कता के साथ अपनी ड्यूटी निभा सकेंगे। मंगलवार को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राज करन नैय्यर ने एक्सप्रेसवे, हाईवे और शहर के अन्य व्यस्त एवं संवेदनशील चौराहों पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों को 10 एसी हेलमेट वितरित किए। इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि गर्मी के मौसम में लंबे समय तक धूप में ड्यूटी करने वाले जवानों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इन आधुनिक हेलमेटों में विशेष तापमान नियंत्रक प्रणाली लगाई गई है, जो अत्यधिक गर्म मौसम में भी पुलिसकर्मियों को राहत प्रदान करेगी। इससे उन्हें हीट स्ट्रोक और थकान जैसी समस्याओं से बचाने में मदद मिलेगी। अधिकारियों का मानना है कि इससे यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी, क्योंकि पुलिसकर्मी अधिक सक्रियता और एकाग्रता के साथ कार्य कर सकेंगे।
इस अवसर पर बेहतर यातायात प्रबंधन और त्वरित सहायता व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। यातायात निरीक्षक सप्तम सब-जोन के नए कार्यालय का उद्घाटन भी किया गया। यह कार्यालय पुलिस लाइन गेट नंबर-1 के पास स्थापित किया गया है। नया कार्यालय टाटा स्टील के सहयोग से कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व योजना के अंतर्गत पोर्टा केबिन के रूप में तैयार कराया गया है। इसमें फर्नीचर सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे यातायात पुलिसकर्मियों को कार्य संचालन में सुविधा मिलेगी और आम नागरिकों को भी त्वरित सहायता उपलब्ध हो सकेगी। गाजियाबाद पुलिस की इस पहल को यातायात पुलिसकर्मियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। भीषण गर्मी के बीच तकनीक के सहारे पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता और स्वास्थ्य दोनों को बेहतर बनाए रखने की दिशा में इसे अहम कदम माना जा रहा है।

