व्यापार मंडल ने मनाई शहीद व्यापारी स्व. हरीशचन्द्र अग्रवाल की पुण्यतिथि

राजीव मोंगरा
दैनिक वेलकम इंडिया
सहारनपुर। शहीद व्यापारी स्वर्गीय हरीशचन्द्र अग्रवाल की पुण्यतिथि सोमवार को हर वर्ष की भांति श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर व्यापार मंडल पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष श्री अनित गर्ग ने कहा कि 26 मई 1979 को लखनऊ के अमीनाबाद क्षेत्र में बिक्री कर विभाग द्वारा मारे गए छापे के दौरान संघर्ष की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। इस दौरान पुलिस द्वारा व्यापारियों पर फायरिंग की गई, जिसमें स्व. हरीशचन्द्र अग्रवाल गोली लगने से शहीद हो गए थे। उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद व्यापारियों ने एकजुट होकर संघर्ष किया, जिसके परिणामस्वरूप संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई हुई तथा चेकिंग विभाग के अधिकारों को सीमित किया गया। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल प्रत्येक वर्ष उनकी पुण्यतिथि को प्रेरणा दिवस के रूप में मनाता है।
वरिष्ठ जिला महामंत्री एवं महानगर अध्यक्ष सरदार गुरमेल सिंह ने कहा कि आज भी राज्यकर अधिकारियों द्वारा व्यापारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। छोटी-छोटी गलतियों पर नोटिस देकर व्यापारियों को परेशान किया जाता है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अधिकारी अपनी कार्यशैली में सुधार करें, अन्यथा व्यापार मंडल आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। कार्यक्रम को जिला महामंत्री केतन विरमानी, जिला कोषाध्यक्ष अश्विनी अरोड़ा, रजत मित्तल तथा सरदार तरणजीत सिंह ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर अमित जैन, अंकित साहनी, राजराज जैन, प्रियंक रस्तोगी, शशांक मारिया, देवांश गांधी, आशीष बायन सहित अनेक व्यापारी उपस्थित रहे।



