ऑनलाइन साइबर फ्रॉड का शिकार हुई पीड़िता को दुधारा पुलिस की साइबर टीम के प्रयासों से मिले ₹12,000 वापस

सन्तकबीरनगर। दुधारा थाना साइबर सेल की टीम ने ऑनलाइन साइबर फ्राड की शिकार पीड़िता को 12000 वापस कराने में सफलता प्राप्त कर ली है।
साइबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत दुधारा थानाध्यक्ष अमित कुमार कुशवाहा के नेतृत्व में थाना दुधारा पुलिस की साइबर टीम उ0नि अनिल मिश्रा (साइबर सेल प्रभारी), आरक्षी अनुज कुमार (साइबर सेल), आरक्षी ऋषिकेश यादव (साइबर सेल), रिक्रूट आरक्षी हर्ष सिंह राजकुमार, रिक्रूट महिला आरक्षी एकता सिंह ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन ठगी की शिकार एक महिला के खाते से उड़े ₹12,000 की शत-प्रतिशत धनराशि वापस कराई है ।
थानाध्यक्ष अमित कुमार कुशवाहा ने बताया कि थाना दुधारा क्षेत्र के ग्राम करही की निवासी प्रार्थिनी साबरीन खातून पत्नी शोएब अहमद के बैंक के खाता संख्या से एक अज्ञात ठग द्वारा ₹12,000 की ऑनलाइन धोखाधड़ी कर ली गई थी । पीड़िता द्वारा इसकी तत्काल सूचना थाना दुधारा पर दी गई, जहां अधिकारियों के निर्देश पर साइबर टीम ने सक्रियता दिखाते हुए राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत संख्या-33109250120042 दर्ज कराई और फ्रॉड की गई रकम को तुरंत होल्ड (फ्रीज) करा दिया । पुलिस टीम द्वारा साक्ष्य व बैंक विवरणों के साथ फ्रीज पैसों को अवमुक्त (Unfreeze) कराने हेतु विधिक आख्या प्रस्तुत की मामले के तथ्यों और पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर ₹12,000 की संपूर्ण धनराशि आवेदिका साबरीन खातून के पक्ष में वापस (अवमुक्त) कराया गया ।
थानाध्यक्ष अमित कुशवाहा ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के बहकावे में आकर अपना OTP, UPI पिन या बैंक विवरण साझा न करें। यदि आप किसी भी प्रकार के ऑनलाइन वित्तीय फ्रॉड का शिकार होते हैं, तो बिना देरी किए तत्काल अपने नजदीकी थाने या साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचित करें। त्वरित सूचना मिलने पर फ्रॉड की गई रकम को समय रहते फ्रीज कराकर वापस पाना आसान हो जाता है।

