हापुड़ जिले में विभिन्न आपदाओं से प्रभावित किसानों को राहत सहायता राशि के चेक वितरित किए गए*

*वेलकम इंडिया हरेंद्र शर्मा वरिष्ठ*
हापुड़ जनपद में विभिन्न आपदाओं के कारण फसल क्षति से प्रभावित किसानों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से आज दिनांक 12 अक्टूबर, 2026 को जनपद सभागार, हापुड़ में कृषि निवेश अनुदान (राहत सहायता राशि) के अंतर्गत सहायता धनराशि के चेक वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में माननीय मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश शासन के जनपद गोरखपुर से आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया।कार्यक्रम में विधायक, गढ़मुक्तेश्वर हरेंद्र सिंह तेवतिया, विधायक धौलाना धर्मेश सिंह तोमर तथा विधायक, सदर विजयपाल आढ़ती के प्रतिनिधि गणों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संदीप कुमार, उप जिलाधिकारी अशोक सैनी, तहसीलदार हेमंत चौधरी, आपदा विशेषज्ञ गजेंद्र सिंह बघेल सहित संबंधित अधिकारी एवं प्रभावित कृषक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न आपदाओं से प्रभावित कृषकों को राहत सहायता राशि के चेक प्रदान किए गए। चेक वितरण का उद्देश्य प्राकृतिक आपदाओं के कारण फसल क्षति से प्रभावित किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें राहत प्रदान करना है।
जिला प्रशासन के द्वारा प्रभावित कृषकों को शासन के निर्धारित मानकों एवं नियमानुसार राहत सहायता उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि पात्र किसानों को अनुमन्य सहायता राशि का भुगतान नियमानुसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रभावित कृषकों को समय से राहत मिल सके।
जिला प्रशासन, हापुड़ आपदा प्रभावित परिवारों एवं किसानों को सहायता उपलब्ध कराने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।



