हजारा पुलिस ने छात्राओं को सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

शारदा इंटर कॉलेज में पुलिस टीम ने बताए महिला सुरक्षा के उपाय, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
वेलकम इंडिया पीलीभीत
हजारा/पीलीभीत। महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को थाना हजारा की मिशन शक्ति टीम ने मिशन शक्ति अभियान फेज-6 के तहत शारदा इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें छात्राओं को महिला सुरक्षा, यातायात नियमों, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं और आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी दी गई।कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने छात्राओं को बताया कि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए। किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न या असुरक्षा की स्थिति में चुप रहने के बजाय संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है। टीम ने छात्राओं को सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी जिम्मेदार लोगों अथवा पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया।
पुलिसकर्मियों ने महिला सुरक्षा से संबंधित प्रमुख हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया कि वूमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181 और पुलिस आपातकालीन सेवा 112 का जरूरत पड़ने पर उपयोग किया जा सकता है। स्वास्थ्य संबंधी सहायता के लिए 102 और 108, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के लिए 1076 तथा बाल सहायता के लिए 1098 नंबर की जानकारी भी दी गई। इसके साथ ही साइबर अपराध की स्थिति में शिकायत दर्ज कराने के लिए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के बारे में बताया गया।जागरूकता कार्यक्रम में बाल विवाह रोकने, नशे से दूर रहने और महिलाओं के सम्मान को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। छात्राओं को विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना और प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।टीम ने यातायात नियमों का पालन करने, सड़क पर सावधानी बरतने और सुरक्षित व्यवहार अपनाने की अपील की। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को जागरूक बनाकर उन्हें अपने अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी सहायता सेवाओं के प्रति सजग करना रहा।
