सिंचाई, खाद और निराश्रित गोवंश की समस्याओं पर भड़का भाकियू चढूनी, गढ़सौली में की बैठक

अघोषित बिजली कटौती से रबी की फसल की सिंचाई प्रभावित, नहर बंबा में पानी नहीं, यूरिया की दिक्कत
मथुरा/बलदेव। किसानों की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) की एक महत्वपूर्ण बैठक बलदेव विकासखंड के गांव गढ़सौली में आयोजित की गई। बैठक के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने किसानों की दुर्दशा पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर कड़ा रोष जताया।
बैठक को संबोधित करते हुए यूनियन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रतन सिंह पहलवान और आगरा मंडल अध्यक्ष रामवीर सिंह तोमर ने कहा कि वर्तमान में रबी की फसल की सिंचाई का महत्वपूर्ण समय चल रहा है, लेकिन बिजली विभाग की अघोषित कटौती के कारण किसान अपने खेतों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को न तो पर्याप्त बिजली मिल रही है और न ही सिंचाई के लिए नहरों व बंबायों में पानी छोड़ा गया है, जिससे किसानों को परेशानी हो रही है।
किसान नेताओं ने खाद की किल्लत का मुद्दा उठाते हुए कहा कि क्षेत्र में किसानों को समय पर यूरिया नहीं मिल पा रहा है। निजी दुकानदार किसानों को गुमराह कर रहे है। आर्थिक शोषण हो रहा है। इसके अतिरिक्त, क्षेत्र में घूम रहे निराश्रित गोवंश और जंगली सूअर किसानों की खून-पसीने से तैयार की गई फसलों को लगातार बर्बाद कर रहे हैं। संबंधित विभागों के जिम्मेदार अधिकारी अपनी जिम्मेदारी से बच रहे हैं।
यूनियन के पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की है कि ग्रामीण क्षेत्रों में सिंचाई के लिए निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, नहरों व बंबायों में तत्काल पानी छोड़ा जाए, यूरिया की सहज उपलब्धता कराई जाए तथा निराश्रित गोवंश व जंगली सूअरों से फसलों की सुरक्षा के ठोस इंतजाम किए जाएं। संगठन विस्तार करते हुए दीनदयाल शर्मा को जिला मंत्री मनोनीत किया गया।
बैठक में सोनवीर सिंह तोमर, भुल्ली सिंह, मान सिंह, बच्चू सिंह, हंसलाल आदि मौजूद रहे।

