शहर-राज्य

रेलवे क्रॉसिंग बंद होने से ग्रामीणों में आक्रोश, अंडरपास की मांग

(ब्यूरो चीफ लुकमान खान) दैनिक वेलकम इंडिया

पीलीभीत। ग्राम टांडा विजैसी के कृषकों के प्रतिनिधिमंडल ने मझोला स्थित जनसहयोग कार्यालय पहुंचकर राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार के जिला प्रतिनिधि कपिल अग्रवाल से भेंट कर रेलवे क्रॉसिंग बंद किए जाने से उत्पन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों ने बताया कि क्रॉसिंग बंद होने से सैकड़ों लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य मार्ग से महज 50 मीटर की दूरी होने के बावजूद अब लोगों को करीब दो किलोमीटर का चक्कर लगाकर आना-जाना पड़ रहा है। इसका सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों और आपात स्थिति में अस्पताल जाने वाले मरीजों पर पड़ रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी बताया कि सड़क के दूसरी ओर स्थित गुरुद्वारे तक रोजाना जाने में महिलाओं और बच्चों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने समस्या के स्थायी समाधान के लिए उक्त रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास निर्माण की मांग उठाई। उन्होंने बताया कि यह मार्ग पीलीभीत टाइगर रिजर्व समेत भरतपुर, गुलड़िया और न्यूरिया कॉलोनी सहित दर्जनों गांवों को जोड़ता है।
जिला प्रतिनिधि कपिल अग्रवाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए केंद्रीय मंत्री एवं सांसद जितिन प्रसाद को अवगत कराया। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्यवाही कराई जाएगी। वहीं, सांसद जितिन प्रसाद ने भी प्रकरण पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए समाधान का भरोसा दिया है।
प्रतिनिधिमंडल में बलविंदर सिंह, अनमोल सिंह, राजेंद्र पाल सिंह, हुजूर सिंह, प्रतिपाल सिंह और रिंकू सिंह सहित कई किसान मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button