याकूबपुर समिति पर नए सचिव की नियुक्ति, होगा यूरिया वितरण: कुलदीप गुड्डू

बुलंदशहर। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के जिला संरक्षक चौधरी कुलदीप गुड्डू के नेतृत्व में किसानों की मांग पर याकूबपुर साधन सहकारी समिति पर नए सचिव कल्याण सिंह की नियुक्ति कर दी गई है। मुख्य विकास अधिकारी एवं कार्यवाहक जिलाधिकारी सुश्री निशा ग्रेवाल से वार्ता के बाद जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि समिति पर 4 जून को यूरिया का वितरण कराया जाएगा।
चौधरी कुलदीप गुड्डू ने बताया कि किसानों की मांग पर जनपद की समितियों पर खाद उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन सक्रिय हुआ है। जिला कृषि अधिकारी के अनुसार बुधवार को 41 गाड़ियों के माध्यम से विभिन्न समितियों पर यूरिया भेजा गया है तथा दो दिनों के भीतर सभी स्थानों पर उपलब्धता सुनिश्चित कर दी जाएगी।
इस दौरान किसानों की ओर से जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपकर सभी समितियों पर यूरिया उपलब्ध कराने, आवारा पशुओं की समस्या के समाधान, जर्जर विद्युत लाइनों की मरम्मत, नए ट्रांसफार्मर लगाने तथा आंगनबाड़ी सहायिकाओं का रुका हुआ वेतन शीघ्र जारी कराने की मांग की गई। चौधरी कुलदीप गुड्डू ने प्रशासनिक अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।



