मिशन शक्ति फेज-6.0: कस्तूरबा गांधी विद्यालय में छात्राओं को किया जागरूक

महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा और विधिक अधिकारों की दी जानकारी, हेल्पलाइन नंबरों के प्रति किया जागरूक
खुर्जा (बुलंदशहर)। उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत शारदीय नवरात्रि के अवसर पर थाना खुर्जा नगर पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने कस्तूरबा गांधी विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, सम्मान, सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया।
इस दौरान बालिकाओं को आत्मरक्षा (सेल्फ डिफेंस) के महत्व और उनके विधिक अधिकारों की जानकारी दी गई। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में सहायता प्राप्त करने के लिए विभिन्न महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया गया। पुलिस टीम ने पोस्टर और बैनर के माध्यम से भी छात्राओं को जागरूक करते हुए उन्हें किसी भी समस्या की स्थिति में बिना झिझक पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया है कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना है।

