महिला कांस्टेबल ने अपनी जान जोखिम में डाल बचाई यात्री की जान
मथुरा। जंक्शन रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की महिला कांस्टेबल मीनू कुमारी ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए एक यात्री की जान बचा ली। यह पूरी घटना स्टेशन के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमृतसर से विशाखापट्टनम जा रही हीराकुंड एक्सप्रेस रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर पहुंची थी। ट्रेन के चलने के दौरान एक यात्री दौड़कर आरक्षित कोच में चढ़ने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान उसका हाथ कोच के हैंडल से फिसल गया और वह प्लेटफॉर्म पर घिसटने लगा। यात्री के पैर ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गए, जिससे उसकी जान पर बन आई। प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी कर रही आरपीएफ महिला कांस्टेबल मीनू कुमारी ने बिना देर किए यात्री की ओर छलांग लगाई और उसका हाथ मजबूती से पकड़ लिया। यात्री को खींचने के प्रयास में वह स्वयं भी गिर पड़ीं, लेकिन उन्होंने यात्री का हाथ नहीं छोड़ा। महिला कांस्टेबल की बहादुरी देखकर आसपास मौजूद अन्य यात्री भी मदद के लिए आगे आए और यात्री को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना के बाद ट्रेन रवाना हो गई। घायल यात्री को मामूली चोटें आईं और प्राथमिक सहायता के बाद वह वहां से चला गया। आरपीएफ इंस्पेक्टर यू.के. कौशिक ने बताया कि महिला कांस्टेबल मीनू कुमारी की सतर्कता और साहस के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। उनके इस कार्य की सराहना की जा रही है।



