भीषण गर्मी में बिजली कटौती ने किया जीना मुहाल, विभागीय मनमानी से जनता त्रस्त

जहांगीराबाद। इन दिनों भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों के बीच जहांगीराबाद की जनता बिजली कटौती की दोहरी मार झेलने को मजबूर है। अघोषित बिजली कटौती के बाद रात के समय भी घंटों बिजली गुल रहने से लोगों की रातें बेचैन हो गई हैं। स्थानीय निवासी बिजली विभाग की लचर व्यवस्था और लाइनमेन की मनमानी से बेहद परेशान हैं।
पारा 42-45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुँचने के बावजूद बिजली विभाग की ओर से न तो कोई निश्चित कटौती शेड्यूल पालन किया जा रहा है और न ही आपूर्ति में सुधार के प्रयास दिख रहे हैं। सबसे बुरा हाल रात के समय होता है, जब घंटों तक बिजली गुल रहने से बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोग गर्मी से बिलबिला उठते हैं। घरों में लगे पंखे और कूलर शो-पीस बनकर रह गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली कटौती के पीछे स्थानीय स्तर पर तैनात कुछ लाइनमेनों की मनमानी मुख्य कारण है। शिकायत करने पर भी विभाग के कर्मचारी ध्यान नहीं देते। लोगों का कहना है कि जब भी बिजली विभाग के कंट्रोल रूम या संबंधित अधिकारियों को फोन किया जाता है, तो या तो फोन नहीं उठाया जाता, अगर फोन उठ जाये तो रात में काम का नहीं होना, रोटी खाने का बहाना सिर्फ रोटी को खाना ही नहीं रोटी खाने का समय तक बता देते हैं जैसे कि अभी तो खाने बैठे है हो सकता है कि खाना सुबह तक ही खाया जाये, या फिर ‘फॉल्ट’ बताकर पल्ला झाड़ लिया जाता है। विभागीय कर्मचारियों की इस मनमानी को देखते हुए जनता ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ और विभागीय अधिकारियों ने अपनी कार्यशैली नहीं बदली, तो वे सड़क पर उतरकर विरोध-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।



