भवन तैयार, डॉक्टर नदारद, आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर ग्रामीणों ने हाथ उठाकर जताया विरोध

वेलकम इंडिया पीलीभीत
पूरनपुर/पीलीभीत। पूरनपुर तहसील क्षेत्र के गांव ढक्का चाट में आयुष्मान आरोग्य मंदिर का भवन बनने के बावजूद स्वास्थ्य सेवाएं शुरू न होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। रविवार को ग्रामीणों ने हाथ उठाकर प्रदर्शन करते हुए स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन से यहां डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मियों की नियुक्ति की मांग की।ग्रामीणों का कहना है कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर के भवन का निर्माण वर्ष 2024 में ही पूरा हो गया था, लेकिन अब तक यहां डॉक्टर और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती नहीं की गई है। इसके चलते ग्रामीणों को मामूली से लेकर गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए करीब 30 किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा है।प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य सुविधाएं शुरू कराने के लिए कई बार जिम्मेदार अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने कहा कि भवन का निर्माण होने के बाद भी स्वास्थ्य केंद्र का लाभ नहीं मिल पा रहा है, जिससे सरकार की स्वास्थ्य सुविधाओं का उद्देश्य पूरा नहीं हो रहा।ग्रामीणों ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से आयुष्मान आरोग्य मंदिर में जल्द स्थायी डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मियों की नियुक्ति कर नियमित स्वास्थ्य सेवाएं शुरू कराने की मांग की है।प्रदर्शन करने वालों में मनोज, वरुण अधिकारी, सुपध रकतान, हवेश मंडल, विपिन कुमार, मुन्ना प्रसाद, विनोद कुमार, बसंती सरकार, कविता अधिकारी, सुशीला मंडल सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे।



