ग़ाज़ियाबाद

पेट्रोल-डीजल को लेकर फैली अफवाहों पर प्रशासन का करारा जवाब, 123 पंपों पर पर्याप्त भंडार; गड़बड़ी पर कार्रवाई तय-जिला पूर्ति अधिकारी ने की तेल कंपनियों के अधिकारियों संग समीक्षा, ईंधन संकट की खबरों को बताया भ्रामक-राजनगर एक्सटेंशन और गोविंदपुरम के पंपों पर अस्थायी कमी का खुलासा, अगले ही दिन बहाल हुई आपूर्ति

गाजियाबाद। जनपद में पेट्रोल और डीजल की कमी तथा कुछ पेट्रोल पंपों के ड्राई होने संबंधी खबरों के प्रसारित होने के बाद जिला प्रशासन ने स्थिति का संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई की। जिला पूर्ति अधिकारी अमित कुमार तिवारी ने मंगलवार को जनपद में संचालित विभिन्न पेट्रोलियम कंपनियों के विक्रय प्रबंधकों की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई, जिसमें ईंधन उपलब्धता की वास्तविक स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में मौजूद अधिकारियों और कंपनी प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में किसी भी प्रकार का ईंधन संकट नहीं है और सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल एवं डीजल की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है। जिला पूर्ति अधिकारी अमित कुमार तिवारी ने बताया कि मीडिया के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि राजनगर एक्सटेंशन स्थित जेटी पंप और गोविंदपुरम स्थित सोना फ्यूल बीपीसीएल पंप ड्राई हो गए हैं। इन खबरों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संबंधित पेट्रोलियम कंपनियों के विक्रय प्रबंधकों को बैठक के लिए बुलाया गया। बैठक में सभी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने एक स्वर में कहा कि जनपद में संचालित लगभग 123 पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा वर्तमान में कोई भी पंप ड्राई नहीं है। बैठक में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) के विक्रय प्रबंधक ने राजनगर एक्सटेंशन और गोविंदपुरम स्थित पंपों पर कुछ समय के लिए ईंधन समाप्त होने की स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रविवार के अवकाश के कारण संबंधित डिपो बंद था और उसी दौरान इन दोनों पंपों पर अचानक सामान्य दिनों की तुलना में ईंधन की बिक्री काफी बढ़ गई। इसके चलते कुछ समय के लिए स्टॉक समाप्त हो गया था, लेकिन अगले ही दिन सुबह पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति कर दी गई थी। इसके बाद दोनों पंपों पर ईंधन की उपलब्धता सामान्य हो गई और वर्तमान में वहां किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं है। जिला पूर्ति अधिकारी अमित कुमार तिवारी ने कहा कि जनपद के नागरिकों को किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है। प्रशासन लगातार पेट्रोलियम कंपनियों और पेट्रोल पंप संचालकों के संपर्क में है तथा ईंधन आपूर्ति व्यवस्था की नियमित निगरानी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में कहीं भी पेट्रोल अथवा डीजल की कमी नहीं है और सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है। बैठक के दौरान अमित कुमार तिवारी ने पेट्रोल पंप संचालकों और विक्रय प्रबंधकों को सख्त निर्देश भी जारी किए। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में विद्युत आपूर्ति प्रभावित होने की स्थिति में आवासीय सोसायटियों और बहुमंजिला इमारतों में लगे डीजल जनरेटर सेटों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में सभी पेट्रोल पंप संचालक यह सुनिश्चित करें कि पिछले माह की खपत के आधार पर संबंधित सोसायटियों और संस्थानों को समय पर डीजल उपलब्ध कराया जाए, जिससे किसी भी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी पेट्रोल पंप पर ईंधन की कृत्रिम कमी पैदा करना, अनावश्यक रूप से स्टॉक रोकना अथवा आपूर्ति व्यवस्था में लापरवाही बरतना गंभीर अनियमितता माना जाएगा। यदि किसी भी पंप संचालक द्वारा उपभोक्ताओं को पेट्रोल या डीजल उपलब्ध कराने में जानबूझकर बाधा उत्पन्न की गई या भंडारण एवं वितरण संबंधी नियमों का उल्लंघन पाया गया, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतेगा। जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि सभी तेल कंपनियों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने पंपों पर उपलब्ध स्टॉक की नियमित निगरानी करें तथा मांग बढऩे की स्थिति में अग्रिम योजना बनाकर पर्याप्त ईंधन की उपलब्धता सुनिश्चित करें। साथ ही किसी भी असामान्य परिस्थिति की जानकारी तत्काल जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें। बैठक के अंत में अमित कुमार तिवारी ने कहा कि गाजियाबाद में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। जनपद के सभी 123 पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है और आम जनता को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर विश्वास करें और किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक खबरों को आगे न बढ़ाएं। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और जनहित से जुड़े सभी आवश्यक कदम निरंतर उठाए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button