पर्यटन की दृष्टि से विकसित होगा जुलहेंदी गांव…..

जुलहेंदी गांव में वीबीजी रामजी योजना के अंतर्गत बन रही अमृत सरोवर का किया गया भूमि पूजन….
अमृतसर सरोवर खुदाई के लिए 19.90 लाख रुपये की पहली किस्त जारी….
मथुरा/गोवर्धन । मथुरा ब्लॉक की ग्राम पंचायत जुलहेंदी में वीबीजी रामजी योजना के अंतर्गत अमृत सरोवर खुदाई के लिए अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ भूमि पूजन कर नींव रखी। सरोवर निर्माण के लिए 19.90 लाख रुपये की पहली किस्त स्वीकृत हो चुकी है। जल्द ही खुदाई और निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। अमृतसरोवर के आसपास पौराणिक वन क्षेत्र भी विकसित किए जाने की योजना प्रस्तावित है।
मंगलवार को आर ई डब्लूयु प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के डायरेक्टर अजय सक्सेना जुलहेंदी पहुंचे। यहां कौन्हई मार्ग स्थित चित्र गुप्त पीठ के सामने अमृत सरोवर के लिए स्वामी सच्चिदानंद महाराज, उत्तरप्रदेश पर्यावरण समिति के सदस्य मनोज सक्सेना के साथ भूमि पूजन एवं नींव रखकर उद्घाटन किया।
अजय सक्सेना ने बताया कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए केंद्र और राज्य सरकार ने वीबीजी राम जी योजना संचालित की है। इस योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों को खुशहाल बनाने के लिए अमृतसरोवर और वन क्षेत्र विकसित करने का काम किए जा रहे हैं।अमृतसरोवर के बनने से यहां जल संचय होगा और वन क्षेत्र विकसित होने से पर्यावरण शुद्ध होगा।
पर्यावरण समिति के सदस्य मनोज सक्सेना ने बताया कि सरोवर के आस पास वन क्षेत्र में बैठने के लिए आधुनिक बेंच लगवाई जाएंगी और बाउंड्री बॉल पर राधाकृष्ण की लीलाओं की आकृतियां उकेरी जाएंगी।
पंचायत सचिव हरेंद्र सिंह ने बताया अमृतसरोवर के लिए पहली किस्त के रूप में 1990478 रुपये स्वीकृत हुए हैं। भूमि पूजन के साथ कार्य शुरू कराया गया है। इस अवसर पर इंजीनियर दिनेश शर्मा, हरीशचंद्र दीक्षित, भूपेंद्र सिंह, सिविल इंजीनियर शिल्पा, पूर्व प्रधान यादवीर, आयुष, सुरेशा नंद महाराज आदि उपस्थित थे।



