शहर-राज्य

पत्रकार पर जानलेवा हमला, चाकू के वार से उंगली कटी; दो गिरफ्तार

मथुरा। कस्बा चौमुहां में बुधवार देर शाम कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए दो युवकों ने स्थानीय पत्रकार पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने पत्रकार को लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा और चाकू से वार कर उनके बाएं हाथ की पहली उंगली काटकर पंजे से अलग कर दी। चीख-पुकार सुनकर परिजनों और आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपी भागने लगे, जिन्हें पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चौमुहां निवासी पत्रकार धर्मेंद्र सिसौदिया उर्फ डब्बू बुधवार देर शाम बाजार से काम निपटाकर घर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में पहले से मौजूद बीरू और कुशल पुत्रगण मदनगोपाल ने उन्हें रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों ने धर्मेंद्र पर हमला कर दिया और उन्हें जमीन पर गिराकर लाठी-डंडों से पीटा। शोर सुनकर आसपास के दुकानदार, स्थानीय लोग और धर्मेंद्र के भाई मौके पर पहुंचे।

आरोप है कि लोगों को आता देख कुशल ने धर्मेंद्र पर चाकू से वार कर दिया, जिससे उनके बाएं हाथ की पहली उंगली कटकर अलग हो गई। गंभीर रूप से घायल पत्रकार को देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही थाना जैत पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घायल पत्रकार को मेडिकल परीक्षण एवं उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना को लेकर स्थानीय पत्रकारों और कस्बे के लोगों में आक्रोश है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button