शहर-राज्य

नगर निगम की बड़ी कार्यवाही 1.79 करोड़ के बकाया पर डीएन पॉलिटेक्निक का प्रिंसिपल ऑफिस सील

उज्जवल रस्तौगी वरिष्ठ पत्रकार

मेरठ में टैक्स बकायेदारों के खिलाफ नगर निगम ने सख्ती तेज कर दी है। इसी क्रम में मंगलवार सुबह डीएन पॉलिटेक्निक कॉलेज पर बड़ी कार्रवाई करते हुए निगम टीम ने प्रिंसिपल कार्यालय को सील कर दिया। करोड़ों के बकाये और बार-बार नोटिस के बावजूद भुगतान न होने पर यह कड़ा कदम उठाया गया।
परतापुर थाना क्षेत्र के दिल्ली रोड स्थित डीएन पॉलिटेक्निक कॉलेज पर नगर निगम की टीम ने अचानक पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने प्रशासनिक भवन की दीवार पर नोटिस चस्पा करते हुए सीधे प्रिंसिपल ऑफिस को सील कर दिया, जिससे कॉलेज प्रशासन में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी शिव कुमार गौतम और कर अधीक्षक अतुल यादव के अनुसार, कॉलेज पर लंबे समय से करीब 1.79 करोड़ रुपये का गृहकर बकाया है। इसके अलावा चालू वित्तीय वर्ष का लगभग 26 लाख रुपये भी जमा नहीं किया गया। निगम द्वारा कई बार नोटिस जारी कर भुगतान के निर्देश दिए गए, लेकिन बकाया न चुकाने पर अंततः सीलिंग की कार्रवाई करनी पड़ी।
कार्रवाई के दौरान कंकरखेड़ा जोनल प्रभारी अतुल कुमार, राजस्व निरीक्षक योगेश कुमार चौहान और प्रवर्तन टीम मौके पर मौजूद रही। पूरी कार्रवाई नियमानुसार की गई और कार्यालय को सील कर दिया गया।
वहीं, कॉलेज की प्रिंसिपल अर्चना गोयल ने इस कार्रवाई को गलत बताते हुए कहा कि गृहकर का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। ऐसे में बिना अंतिम निर्णय के इस तरह की कार्रवाई उचित नहीं है।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। शहर के कई बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और संस्थानों की सूची तैयार कर ली गई है, जिन पर करोड़ों रुपये का टैक्स बकाया है। आने वाले दिनों में मेरठ के विभिन्न इलाकों में इसी तरह की सख्त कार्रवाई देखने को मिल सकती है, जिससे बकायेदारों में खौफ का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button