तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर, पीछा करने पर युवक से मारपीट कर दो लोग घायल

लुकमान खान
पीलीभीत/ दियोरिया कला। थाना क्षेत्र में लापरवाही से बाइक चलाने का मामला सामने आया है, जिसमें टक्कर मारने के बाद आरोपियों ने पीछा करने पर युवक के साथ मारपीट कर दी। घटना में चाचा-भतीजा दोनों घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
ग्राम टेहरी निवासी ओमप्रकाश पुत्र रामलाल ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 15 अप्रैल 2026 की रात करीब 9 बजे वह अपने भतीजे झम्मनलाल के साथ मानपुर चौराहे पर अपने भाई की दुकान के पास खड़ा था। तभी बीसलपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक (UP 27AA 7872) ने लापरवाही से टक्कर मार दी, जिससे वह जमीन पर गिरकर घायल हो गया।इसके बाद भतीजा झम्मनलाल बाइक सवारों का पीछा करते हुए ग्राम बिहारीपुर हीरा के पास पहुंचा, जहां आरोपियों को पकड़ लिया। आरोप है कि इस दौरान बाइक सवारों ने झम्मनलाल के साथ लात-घूंसे और डंडों से मारपीट कर दी।शोर सुनकर गांव के अमित पुत्र अशोक कुमार मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कराया। तब तक ओमप्रकाश और अन्य ग्रामीण भी पहुंच गए। आरोप है कि आरोपी गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।घायलों को सरकारी अस्पताल दियोरिया कला में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज और मेडिकल परीक्षण किया गया। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



