तेज रफ्तार कार की टक्कर से युवक गंभीर घायल, रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग
शिकारपुर। थाना क्षेत्र के गांव मानपुर निवासी एक युवक तेज रफ्तार कार की टक्कर में गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित पक्ष ने थाना पुलिस को तहरीर देकर कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मानपुर निवासी सचिन उर्फ भरतपाल सिंह मोटरसाइकिल से अपने खेत से गांव लौट रहे थे। जैसे ही वह तैयबपुर प्राथमिक विद्यालय के सामने पहुंचे, तभी शिकारपुर की ओर से तेज गति और कथित लापरवाही से आ रही एक कार ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में सचिन उछलकर सड़क पर जा गिरे, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई, बायीं टांग की हड्डी टूट गई तथा पैर की उंगलियों में भी गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए मेरठ स्थित आनंद अस्पताल ले गए, जहां उनका उपचार जारी है।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि दुर्घटना के बाद जब उन्होंने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने का प्रयास किया तो कार चालक ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित परिवार ने पुलिस से मुकदमा दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।



