जन्माष्टमी पर सजावट के बीच खुले नाले ने नगर निगम की सफाई व्यवस्था की पोल खोली

मथुरा। मंडी चौराहा-सौंख रोड पर एक नन्दी खुले नाले में गिर गया घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई, नंदी के नाले में गिरने की सूचना मिलते ही स्थानीय दुकानदार और आसपास के लोग मौके पर जुट गए। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद जेसीबी की मदद से नंदी को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घटना ने एक बार फिर मथुरा-वृंदावन नगर निगम की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर नगर निगम शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों को सजाने-संवारने में जुटा है। हाल में जन्माष्टमी से पहले नगर निगम द्वारा अवैध होर्डिंग और बैनर हटाने की कार्रवाई भी की गई है। वहीं मंडी चौराहा-सौंख रोड जैसे प्रमुख स्थानों पर खुले नाले और नालियों की स्थिति चिंता बढ़ा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खुले नालों में आए दिन गोवंश के गिरने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। ऐसे में सवाल है कि जब जन्माष्टमी पर शहर को आकर्षक बनाने पर जोर दिया जा रहा है, तो खुले नालों को ढकने और उनकी नियमित सफाई की जिम्मेदारी आखिर कौन निभाएगा?
गौरतलब है कि मंडी चौराहा और सौंख रोड क्षेत्र में नगर निगम पहले भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर चुका है और नालों के ऊपर बनी अस्थायी दुकानों को हटाया गया था।
एक बार फिर सवाल नगर निगम से है—क्या किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जा रहा है, या खुले नालों को समय रहते सुरक्षित किया जाएगा?


